महाराष्ट्र अपडेट्स: नोटबंदी के 10 साल पर आदित्य ठाकरे का तंज; मुंबई में दिवाली पर आग की 137 घटनाएं
महाराष्ट्र के ठाणे में रहेजा गार्डन आवासीय परिसर में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। यह आग 8वीं, 9वीं और 10वीं मंजिल पर फैली थी। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां और बचाव कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग बुझाने और निवासियों को सुरक्षित निकालने का काम शुरू किया। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्थिति का जायजा लेने और आपातकालीन कार्यों की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। इस बीच, पड़ोसी नवी मुंबई में एक अलग घटना हुई। सेक्टर 21 स्थित टर्भे शॉपिंग सेंटर में भी आग लग गई। वहां भी दमकल इकाइयों को तुरंत भेजा गया। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। दोनों आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अब तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मुंबई के लोखंडवाला में अग्निकांड, एक व्यक्ति की मौत
दीपावली के उल्लास के बीच मुंबई के डोंगरी इलाके में भी रविवार देर रात भीषण आग लगी। कई दुकानें और झोपड़ियां जल गईं। अधिकारियों ने बताया कि आग डॉ महेश्वरी रोड पर हाजी कसम चाल में लगी। मुंबई फायर ब्रिगेड ने रात 10:11 बजे इसे लेवल-I की आग घोषित किया। पुलिस, बेस्ट और एम्बुलेंस सेवा के कर्मी आग बुझाने में जुटे। शनिवार रात अंधेरी वेस्ट के लोखंडवाला में एक ऊंची आवासीय इमारत में आग लगी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, रविवार सुबह करीब 10:15 बजे दादर वेस्ट के कामगार स्टेडियम में भी आग लगी। लकड़ी और बांस के सामान में लगी यह आग 10:32 बजे तक बुझा दी गई। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
मुंबई में इस साल दिवाली पर पटाखों से आग लगने की घटनाओं में बड़ा उछाल आया। रविवार को शहर और उपनगरों में 24 घंटे के भीतर आग लगने की 137 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें दो महिलाएं घायल हो गईं। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, यह एक दिन में दर्ज अब तक के सबसे अधिक मामलों में से एक है। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में दिवाली के छह दिनों के दौरान पटाखों से आग लगने की 80 घटनाएं हुई थीं, जबकि 2025 में यह संख्या 113 थी। इस बार एक ही दिन में इन दोनों वर्षों के आंकड़े पीछे छूट गए। घटनाओं को देखते हुए मुंबई अग्निशमन विभाग ने लोगों से खुले स्थानों पर पटाखे जलाने और बच्चों पर नजर रखने की अपील की। विभाग ने जले या बिना फूटे पटाखों को दोबारा जलाने से भी मना किया है।
महाराष्ट्र के लातूर शहर में दिवाली के दौरान आग लगने की आठ घटनाएं सामने आईं। ये घटनाएं आठ नवंबर को शाम 7:30 बजे से रात 12:46 बजे के बीच हुईं। हालांकि, दमकलकर्मियों की तत्परता से सभी जगह आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इस दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एक अधिकारी के अनुसार, आग लगने की घटनाएं लोकखंड गली की पेंट की दुकान, सुभाष चौक और संविधान चौक के खुले प्लॉट, उद्योग भवन के पास एक गोदाम और गुल मार्केट के कचरा संग्रह केंद्र में हुईं। इसके अलावा अरोमा होटल के बाहर एक फुटवियर कंपनी, अंबा हनुमान चौक स्थित एक मकान और महिंद्रा शोरूम के पास भी आग लगी। राहत एवं बचाव कार्य के लिए कुल 30 दमकलकर्मियों और आठ दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया था।
पुणे स्थित नेशनल सेंटर फॉर रेडियो एस्ट्रोफिजिक्स (एनसीआरए) के एक कर्मचारी के खिलाफ परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विवेक बाबन हडवाले पर आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (ओएसए) की धारा पांच और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। आरोप है कि मई 2025 में हुई वर्क असिस्टेंट भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से एक दिन पहले व्हाट्सऐप के जरिये साझा किया गया था। मामले की जानकारी जून 2026 में सतर्कता विभाग को मिली। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एक मुखबिर से मुलाकात की, जिसने आरोपी के मोबाइल से प्रश्नपत्र मिलने का दावा किया। मुखबिर ने प्रश्नपत्र की प्रिंट कॉपी और व्हाट्सऐप संदेशों के स्क्रीनशॉट भी सौंपे। सतर्कता विभाग ने इनकी मूल प्रश्नपत्र से तुलना की, जिसमें दोनों समान पाए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने नोटबंदी के 10 साल पूरे होने पर केंद्र की भाजपा सरकार से इसके नतीजों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि नोटबंदी के एक दशक बाद सरकार ने इसकी उपलब्धियों का जश्न क्यों नहीं मनाया और क्या देश को इसके घोषित लक्ष्यों के मुताबिक कोई फायदा हुआ? आदित्य ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि नोटबंदी के 10 साल पूरे होने पर न तो होर्डिंग दिखे और न ही अखबारों में कोई विज्ञापन नजर आया। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार के पास इस फैसले की कोई उपलब्धि नहीं है? गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 को देश के नाम संबोधन में 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट बंद करने की घोषणा की थी। सरकार ने इसके पीछे कालाधन खत्म करने, नकली नोटों पर रोक लगाने, आतंकवाद की फंडिंग रोकने और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने जैसे उद्देश्य बताए थे।
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) नेता शशिकांत शिंदे ने शरद पवार की सेहत को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि पवार साहब की तबीयत ठीक है। पार्टी ने हर दो दिन में बैठकर चर्चा करने का फैसला किया है। इन बैठकों में महाराष्ट्र और देश की राजनीतिक रणनीति पर बातचीत होगी।
#WATCH | Mumbai | On Sharad Pawar's Health, NCP-SP leader Shashikant Shinde says, "Pawar Saheb is in good health. We have decided to sit down and talk every two days. We discuss the political strategies unfolding in the state and the country..." https://t.co/pzCBQ9o9Iz
— ANI (@ANI) November 9, 2026
महाराष्ट्र के गोंदिया में रात करीब नौ बजे आकाश ट्रेडर्स नाम की कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। आशंका है कि पटाखों के कारण आग लगी। हादसे में दुकान का काफी सामान जलकर राख हो गया और भारी नुकसान हुआ। आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
Gondia, Maharashtra: A massive fire erupted at Akash Traders, a clothing store, at around 9 pm. Firecrackers are suspected to have triggered the blaze, which gutted a large quantity of goods and caused significant losses. Two fire tenders rushed to the spot to douse the flames. https://t.co/2ZY4SEuMDp
— IANS (@ians_india) November 9, 2026