बिहारः रूबी के दादा बोले, 'कैमरा देखकर कोई भी नर्वस हो सकता है'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार बोर्ड की टॉपर रूबी राय लगातार सुर्खियों में है, पहले टॉप करने के बाद एक इंटरव्यू में पोलिटिकल साइंस को प्रोडिकल साइंस बताकर और अब री टेस्ट से गायब रहकर। हालांकि इस संबंध में उसके 80 साल के दादा मुंशी प्रसाद राय दलील देते हैं कि वह अवसाद की स्थिति में है, इसलिए किसी के सामने नहीं आ रही। इंटरव्यू में दिए गए जवाब पर उनका कहना है कि पहली बार कैमरा देखकर कोई भी नर्वस हो सकता है।
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार हसी मलाही गांव में ओबीसी कैटेगरी के यादवों का प्रभुत्व का है। इस गांव में ज्यादातर लोग उपनाम में यादव के बजाय राय ही लगाते हैं। 300 से अधिक घरों वाले इस गांव के बच्चों को सबसे नजदीकी हाईस्कूल कौवारी गांव में ही पढ़ने जाना पड़ता है जो वहां से 7 किमी दूर है।
रूबी के पिता अवधेश राय आर्मी से रिटायर हैं, जिनके पास मात्र एक बीघा जमीन ही है। रूबी की बड़ी बहन गुड़िया कुमारी कक्षा 8 तक ही पढ़ी है, जबकि बड़ा भाई पंकज कुमार पटना से स्नातक कर रहा है।
बातचीत शुरू करने पर रूबी के दादा मुख्यमंत्री नीतीश को धन्यवाद बोलते हुए कहते हैं कि उनकी बजह से 20 घंटे बिजली मिल पा रही है। रूबी के बारे में पूछने पर वो कहते हैं कि वह अपने माता-पिता के साथ जमशेदपुर शादी में गई हुई है। हालांकि वह इस सवाल को टाल गए कि वो सरकार द्वारा आयोजित दूसरे टेस्ट में बैठेगी या नहीं।
बता दें कि बिहार बोर्ड ने टॉपर्स विवाद के बाद एक साथ 14 टॉपर्स का टेस्ट करवाया था जिसमें रूबी उपस्थित नहीं हुई थी। रूबी के दादा कहते हैं कि, 'हम खुश हैं कि रूबी को उपस्थित होने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है, लेकिन वो अभी स्वस्थ नहीं है।' उन्होंने मीडिया पर आरोप लगाते हुए कहा है कि, 'यह सब मीडिया वालों के कारण हुआ है। उन्होंने एक दिन अच्छा दिखाया फिर दूसरे दिन बदनाम कर दिया। वो बहुत नर्वस है।'
रूबी के दादा ने कहा अभी अवसाद में है वो
यह पूछे जाने पर कि जब आपके गांव के नजदीक सराय में हाईस्कूल है तो रूबी ने वीआर कॉलेज में दाखिला क्यों लिया। इसके जवाब में वो कहते हैं, 'मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता मैं एक साधारण किसान हूं और इस बात में कोई रुचि नहीं लेता हूं कि मेरे पोते क्या कर रहे हैं।'
आपको बता दें कि रूबी ने हाईस्कूल द्वितीय श्रेणी से पास किया था, जबकि इंटरमीडिएट में रूबी के 500 में से 444 अंक आए हैं। रूबी ने वीआर कॉलेज कीरतपुर से इंटरमीडिएट में टॉप किया है। सूत्रों के अनुसर यह स्कूल 2015 से ही रडार पर है, क्योंकि पिछले साल इस कॉलेज के 1007 छात्रों में से सभी प्रथम श्रेणी में पास हुए थे।
बता दें कि बिहार बोर्ड ने 12वीं साइंस के टॉपर सौरभ श्रेष्ठ और थर्ड टॉपर राहुल के रिजल्ट को रद कर दिया है। स्टिंग ऑपरेशन में जब ये टॉपर्स अपने सब्जेक्ट्स के बेसिक सवालों का जवाब नहीं दे पाए तो बोर्ड ने उनका रिव्यू टेस्ट करने का फैसला किया था।
रिव्यू के दौरान सवालों से झल्लाए सौरभ ने कहा- ''ऐसे सवाल न करिए, वरना सुसाइड कर लूंगा।'' आप को बता दें कि सौरभ की मां ऊषा ने अभी हाल ही में कराठा बुजुर्ग पंचायत से मुखिया पद के लिए इलेक्शन लड़ा है जबकि पिता अजय एक बिल्डर और आरजेडी कार्यकर्ता हैं।
सौरभ के परदादा वैशाली से सांसद रह चुके हैं। रविवार को बिहार सरकार ने बारहवीं कक्षा की परीक्षा और मूल्यांकन में कथित धांधली की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन कर दिया है, जिसकी रिपोर्ट 20 जून तक आ जाएगी।
वहीं इस मामले पर पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ते हुए मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने कहा है कि 'हम जानने की कोशिश कर रहे हैं कि इस मामले में कोई आपराधिक साजिश तो नहीं है।'