फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Una News ›   una anti chitta walkathon cm sukhvinder singh sukhu children

ऊना वॉकथॉन: मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- चिट्टा बेचने वालों के लिए हिमाचल में कोई जगह नहीं

Wed, 16 Sep 2026 10:07 AM IST
Ankesh Dogra संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना।
संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना। Published by: Ankesh Dogra Updated Wed, 16 Sep 2026 10:07 AM IST
सार

हिमाचल प्रदेश के ऊना में चिट्टे और नशे के खिलाफ आयोजित एंटी चिट्टा वॉकथॉन में हजारों युवा और विद्यार्थी एकजुट हुए। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में वॉकथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान से शुरू होकर आईएसबीटी ऊना तक गई और वापस खेल मैदान पहुंची। करीब 30 हजार युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ ली। 

विज्ञापन
una anti chitta walkathon cm sukhvinder singh sukhu children
सीएम सुक्खू नशे के खिलाफ शपथ दिलाते हुए। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को चिट्टे के सामने झुकने नहीं देंगे। चिट्टा बेचकर बच्चों की जिंदगी बर्बाद करने वालों के लिए हिमाचल में कोई जगह नहीं है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस और सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। पुलिस तस्कर को पकड़ सकती है और सरकार कानून बना सकती है, लेकिन बच्चे को पहली बार नशे की गिरफ्त में जाने से परिवार, दोस्त और शिक्षक ही रोक सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जन आंदोलन का सिपाही बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जहां चिट्टा बिकता दिखाई दे, वहां चुप न रहें। उन्हें पुलिस के साथ हर पिता, मां, शिक्षक, हर पंचायत, हर महिला मंडल, हर युवा मंडल और सबसे ज्यादा हिमाचल के नौजवानों का साथ चाहिए। आपकी छोटी-सी सतर्कता किसी मां के बेटे, पिता की बेटी और एक परिवार को टूटने से बचा सकती है।

विज्ञापन




बुधवार को ऊना में एंटी-चिट्टा जन जागरूकता वॉकथॉन के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश में पिट एनडीपीएन एक्ट लागू नहीं किया। कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2023 में यह एक्ट लागू किया। एंटी चिट्टा वॉकथॉन हिमाचल सरकार का कार्यक्रम है, किसी व्यक्ति विशेष या पार्टी का नहीं। भाजपा नेताओं को बयानबाजी करने की बजाय रैली में शामिल होना चाहिए था। जो लोग हमारे बच्चों को चिट्टा बेचकर पैसा कमा रहे हैं, युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर अपने घर भर रहे हैं, उन्हें ऊना की धरती से साफ कहना चाहता हूं कि हिमाचल में नशा बेचने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।
विज्ञापन


जो युवा नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं, उनके साथ संवेदनशील व्यवहार कर इस दलदल से बाहर निकालने में हरसंभव सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने हिमाचल सरकार के एंटी चिट्टा मॉडल को सराहा है। अन्य राज्यों में लागू करने की बात कही है। इससे पहले इंदिरा स्टेडियम से शुरू हुई वॉकथॉन नए बस अड्डे से होकर वापस स्टेडियम पहुंची। जिला भर से विद्यार्थियों और आम लोगों ने इसमें भागीदारी निभाई। सीएम ने हजारों विद्यार्थियों सहित आम लोगों को एंटी चिट्टा शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने युवाओं और जेनजी से संवाद भी किया। युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर वॉकथॉन में हिस्सा लिया और सेल्फी खिंचवाई।

विज्ञापन
विज्ञापन

युवाओं ने ली नशे के खिलाफ शपथ
एंटी चिट्टा वॉकथॉन के दौरान युवाओं और विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ शपथ भी ली। प्रतिभागियों ने नशा न करने, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने और समाज में जागरूकता अभियान चलाने का प्रण लिया।
 

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी कार्रवाई तक सीमित नहीं रह सकती। इसके लिए परिवार, स्कूल, युवा वर्ग और पूरे समाज को मिलकर काम करना होगा।



वीरवार को स्कूलों में छुट्टी की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान वीरवार को जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा भी की। ऊना में आयोजित इस बड़े जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी को देखते हुए यह घोषणा की गई।

एंटी चिट्टा वॉकथॉन ने युवाओं के बीच नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ-साथ समाज को यह संदेश दिया कि नशे की समस्या से निपटने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। आयोजन में शामिल युवाओं ने नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया।

जानकारी के बाद ही बयानबाजी करें भाजपा नेता : सुुक्खू
मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम जयराम ठाकुर और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के किशाऊ बांध परियोजना को लेकर दिए बयान पर कहा कि उन्हें एमओयू पढ़ने के बाद ही बयानबाजी करनी चाहिए। मीडिया से बातचीत में सीएम ने कहा कि किशाऊ परियोजना को लेकर जो एमओयू साइन हुआ था, उसके मुताबिक बिजली और पानी का खर्चा हिमाचल सरकार को वहन करना पड़ेगा। इस सहमति को किसी भी तरह से मंजूर नहीं किया गया और केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष हिमाचल के हकों को पाने के लिए हिमाचल सरकार अडिग खड़ी रही। अब जाकर यह फैसला हिमाचल के हक में आया है। अगर वर्तमान में भी हिमाचल में डबल इंजन की सरकार होती तो यह परियोजना सिरे नहीं चढ़ती। उन्होंने भाजपा के नेताओं को सलाह दी है कि अनाप-शनाप बयानबाजी करके प्रदेश की जनता को गुमराह करने की राजनीति न करें।

बाहरी सप्लाई से चिट्टे का प्रकोप के हर कोने तक पहुंचा : अग्निहोत्री
 उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ऊना में एंटी चिट्टा वॉकथाॅन में शामिल हुए। इंदिरा स्टेडियम से बस स्टैंड तक वॉकथॉन में 35 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ प्रदेशव्यापी मुहिम चल रही है। चिट्टा केवल हिमाचल ही नहीं बल्कि देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की समस्या है। बाहर से होने वाली सप्लाई के कारण इसका प्रकोप प्रदेश के हर कोने तक पहुंच गया है। ऐसे में बच्चों और युवाओं को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वॉकथॉन के माध्यम से बच्चों के साथ-साथ समाज के हर वर्ग को चिट्टे से दूर रहने का संदेश दिया गया है। सरकार जागरूकता के साथ-साथ चिट्टे के तस्करों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई कर रही है। तस्करी में संलिप्त लोगों की संपत्तियां जब्त की जा रही हैं और अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। चिट्टे से जुड़े मामलों में दो दर्जन से अधिक सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया जा चुका है। नशे का सेवन करने वालों को चिट्टा छोड़ने में मदद देने के लिए भी सरकार कार्य कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई पूरे समाज की लड़ाई है। हिमाचल पुलिस तस्करों के खिलाफ अच्छा काम कर रही है। इस अभियान में पंचायतों को भी शामिल किया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना मिलने पर सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि चिट्टे की तस्करी में महिलाओं और लड़कियों की संलिप्तता के मामले भी सामने आ रहे हैं, इसलिए समाज के हर वर्ग को जागरूक और सतर्क रहने की जरूरत है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed