{"_id":"5aabb2354f1c1b3a058b5838","slug":"61521201717-una-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बडूही, अमराली में दो सड़क हादसे, तीन की मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
बडूही, अमराली में दो सड़क हादसे, तीन की मौत
Updated Fri, 16 Mar 2018 10:49 PM IST
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
ऊना/अंब।
जिला के अमराली और बडूही में पेश आए दो सड़क हादसों में महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक को नाजुक हालत में पीजीआई रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान संजीव कुमार निवासी किशनपुरा, जालंधर, तृप्ता देवी व संजीव कुमार दोनों निवासी कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों का ऊना अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पहला हादसा पुलिस थाना हरोली के तहत अमराली में पेश आया। यहां एक कार अनियंत्रित होकर खंभे से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार 34 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कार चालक जख्मी हुआ है। जानकारी के मुताबिक संजीव कुमार निवासी जालंधर अपने साथी राम बहादुर के साथ कार में सवार होकर टाहलीवाल से दुलैहड़ की ओर जा रहा था। अमराली पहुंचने पर कार सड़क किनारे एक खंभे से टकरा गई। इस हादसे में संजीव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार चालक राम बहादुर घायल हो गया। घायल का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार करवाया गया।
विज्ञापन
दूसरा हादसा पुलिस थाना अंब के तहत बडूही में पेश आया। यहां एक आल्टो कार सड़क किनारे खड़े एक टिपर से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार महिला सहित दो की मौत हो गई। मृतकों की पहचान तृप्ता देवी पत्नी मनोज कुमार व संजीव कुमार पुत्र इंद्रजीत दोनों निवासी कांगड़ा के रूप में हुई है। इस हादसे में कार चालक और उसका 10 वर्षीय बेटा जख्मी हुआ है। कार चालक को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया है।
विज्ञापन
कांगड़ा निवासी मनोज कुमार वीरवार रात ओल्टो कार में पारिवारिक सदस्यों के साथ सवार होकर अंब की ओर जा रहा था। बडूही पहुंचने पर कार सड़क किनारे खड़े टिपर से टकरा गई। हादसे में कार सवार तृप्ता देवी व अंकुश की मौत हो गई। महिला के पति मनोज कुमार और 10 वर्षीय बेटा घायल हो गया। घायल पिता और बेटे को उपचार के लिए ऊना अस्पताल लाया गया। यहां से मनोज कुमार को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है।