सामाजिक विज्ञान व हिंदी ओलंपियाड में जीता प्रथम स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। बारियां स्थित राजलक्ष्मी संविद गुरुकुलम सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन की विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार झा ने छात्रों को इस सफलता पर बधाई दी। अंतरराष्ट्रीय सोशल स्टडीज ओलंपियाड में सैनिक छात्र पृथ्वी राज रंजन और अभिनव ने जोनल स्तर पर प्रथम और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 12वां स्थान हासिल किया। उन्हें 2,500 रुपये की नकद राशि और गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। आठवीं कक्षा के छात्र संचित राजपूत, प्रतीक कुमार, अभिनव राज और मृत्युंजय द्विवेदी ने शानदार अंक लेकर गोल्ड मेडल ऑफ डिस्टिंक्शन और गोल्ड मेडल ऑफ एक्सीलेंस जीते। अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में छात्र पार्थ कुमार ने 96.9 अंकों के साथ जोनल स्तर पर प्रथम और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 21वां स्थान हासिल किया। उन्हें गोल्ड मेडल और 5,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं नमन कुमार सिंह और लव कुश कुमार ने 90 फीसदी अंक प्राप्त कर जोनल स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया और सिल्वर मेडल के साथ 833 रुपये का नकद पुरस्कार जीता। संकेत कुमार ओझा ने 86.67 अंकों के साथ तीसरा रैंक और ब्रॉन्ज मेडल के साथ 1,000 रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। अंतरराष्ट्रीय कंप्यूटर विज्ञान ओलंपियाड में छात्र प्रशांत कुमार और अभिनव शेखर ने जोनल स्तर पर आठवीं रैंक हासिल की और गोल्ड मेडल ऑफ डिस्टिंक्शन तथा 500 रुपये का नकद पुरस्कार जीता। सातवीं कक्षा के छात्र सौरभ कुमार ने स्कूल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को अप्रैल में विद्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रमाणपत्र और पदक प्रदान किए जाएंगे। इस उपलब्धि से स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में खुशी की लहर है।