पुलिस की पाठशाला: डीआईजी रमन कुमार मीणा बोले- सपने देखो, अभी से शुरू कर दो रंग भरना
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामा में शनिवार को अमर उजाला फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में यह प्रेरणादायक उद्गार डीआईजी रमन कुमार मीणा ने छात्रों को संबोधित करते हुए रखे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जीवन में कुछ बनना है तो लक्ष्य निर्धारित करना पड़ेगा, इसलिए सपने देखो, अभी से शुरु कर दो रंग भरना, ताकि बड़े होकर उस मुकाम को हासिल कर सको। यही उपयुक्त समय है, सपने देखने और उसमें रंग भरने का..। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामा में शनिवार को अमर उजाला फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में यह प्रेरणादायक उद्गार डीआईजी रमन कुमार मीणा ने छात्रों को संबोधित करते हुए रखे। उन्होंने बच्चों को समझाया कि कुछ बनने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना कितना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को रोजाना अखबार और पत्रिकाएं पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित अखबार पढ़ने से वह दुनिया भर में होने वाली घटनाओं से अपडेट रहेंगे और बहुत कुछ नया सीखेंगे।
डीआईजी ने बच्चों को नशे से दूर रहने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी का बच्चा अगर नशे की ओर बढ़ रहा है तो इससे भयंकर कुछ भी नहीं हो सकता। कोई भी बच्चा अपने मां-बाप को हारता हुआ नहीं देखना चाहेगा लेकिन जो बच्चा नशे की इस दलदल में फंस गया, उसके मां-बाप रोज हारते हैं, रोज मरते हैं..। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी नौकरी के दौरान नशे से जुड़े कई अनुभव भी साझा किये। कई मां-बाप का दर्द भी सामने रखा। उन्होंने उदाहरण देकर समझाया कि कैसे एक बाप अच्छी नौकरी, अच्छा घर और अच्छी पेंशन के बावजूद नशे की दलदल में फंसे अपनी औलाद से हार जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि बच्चे अक्सर नशे का सेवन करने वाले लोगों की लाइफ स्टाइल से प्रभावित होते हैं, लेकिन उनकी लाइफ स्टाइल दो-तीन साल की ही होती है, उसके बाद वह तिल-तिल कर मौत की तरफ बढ़ते चले जाते हैं। उन्होंने बच्चों से नशे को भूत समझकर उससे दूर रहने का आह्वान किया।
डीआईजी ने बच्चों को यातायात नियमों को लेकर भी पाठ पढ़ाया। वाहन चलाते समय किन-किन सावधानियों को बरतना चाहिए, किन नियमों का पालन करना चाहिए, के बारे में उदाहरण देकर विस्तार से बताया।
भूमिका शर्मा, सूर्यांश, विकसित रमौल और सार्थक ने कॅरिअर को लेकर भी कई सवाल डीआईजी से किए। जिनका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी नाहन बृज लाल मेहत्ता, प्रधानाचार्य सुरेश कुमार, पंचायत प्रधान राम कुमार शिक्षक भवानी भगत समेत नवयुवक मंडल, एसएमसी समेत पूरा स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
बच्चों के साथ बच्चा बनकर खिंचवाए फोटो
डीआईजी रमन कुमार के साथ बच्चों में फोटो खिंचवाने और उनके ओटोग्राफ लेने को भारी क्रेज रहा। उनके प्यार और स्नेह को देखकर वह खुद भी बच्चा बन गए और सीढ़ी पर बच्चों के बीच बैठकर फोटो खिंचवाई। प्रधानाचार्य सुरेश कुमार ने सुंदर कार्यक्रम के लिए अमर उजाला और मुख्यातिथि डीआईजी रमन कुमार मीणा का आभार प्रकट किया।