Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Sirmour News ›   chath pooja celebration in ponta

Sirmour News: उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन

Tue, 17 Nov 2026 12:53 AM IST
Shimla Bureau शिमला ब्यूरो
Updated Tue, 17 Nov 2026 12:53 AM IST
विज्ञापन
chath pooja celebration in ponta
पांवटा साहिब में यमुना घाट पर उगते सूर्य को अर्ध्य देने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद
यमुना, बाता और गिरि नदी के घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, छठी मैया के जयकारों से गूंजे घाट
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वांचल के परिवारों ने मिल-जुलकर मनाया पर्व, पारंपरिक छठ गीतों और पूजा-अर्चना से भक्तिमय हुआ माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ विधिवत समापन हो गया। पौ फटने से पहले ही पांवटा साहिब में यमुना, बाता और गिरि नदी के तटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सूर्य देव और छठी मैया की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का पारण हुआ। उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वांचल से जुड़े परिवारों ने आपसी सहयोग और सामूहिक भागीदारी के साथ पर्व को धूमधाम से मनाया।
इससे पहले रविवार शाम को पर्व के तीसरे दिन व्रतियों ने यमुना, बाता और गिरि नदी के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया था। फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद से सजे बांस के सूप और टोकरी लेकर श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे। यमुना घाट और बाता नदी के तट पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। सोमवार सुबह भी बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच श्रद्धालु छठी मैया के पारंपरिक गीत गाते हुए घाटों तक पहुंचे। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर उगते सूर्य को जल और दूध अर्पित किया तथा विधि-विधान से पूजा संपन्न की।
विज्ञापन

छठ पूजा के दौरान घाटों पर विशेष सजावट की गई थी। केले के पत्तों और गन्ने से बने मंडपों के बीच रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाओं ने पूजा की। परिवार के सदस्य भी पूरी श्रद्धा के साथ इस अनुष्ठान में शामिल हुए। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की परंपराओं का निर्वहन किया गया। प्रवासी परिवारों ने अपनी लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखते हुए सामूहिक रूप से पर्व मनाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

पूर्व पार्षद मधुकर डोगरी, एसपी सिंह, राजकिशर त्यागी, मनोज साहू और श्रीकृष्ण वर्मा ने बताया कि छठ पूजा में डूबते और उगते, दोनों सूर्य की उपासना का विशेष महत्व है। संध्या अर्घ्य के माध्यम से अस्ताचलगामी सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है, जबकि उषा अर्घ्य नए सवेरे, नई उम्मीदों और उगते सूर्य की ऊर्जा के स्वागत का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति आभार और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना का संदेश देता है।
उत्तर प्रदेशीय कल्याण समिति, पांवटा साहिब के महासचिव राजकिशन ने बताया कि बाता नदी पर बाता पुल के नीचे इस वर्ष छठ महापर्व अत्यंत श्रद्धा, भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घाट पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। नदी किनारे केले के पत्तों और गन्ने से आकर्षक मंडप सजाए गए थे। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर सूर्य देव को अर्घ्य दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोगों को आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करता है।

बॉक्स
उगते सूर्य के अर्घ्य के साथ पूरा हुआ कठिन व्रत
छठ महापर्व के अंतिम दिन उषा अर्घ्य के बाद व्रती परिवार के सदस्यों और बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार छठी मैया का प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया जाता है। इसी के साथ करीब 36 घंटे के निर्जला उपवास सहित चार दिनों तक चलने वाला कठिन छठ अनुष्ठान संपन्न होता है।---------

पांवटा साहिब में यमुना घाट पर उगते सूर्य को अर्ध्य देने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद

पांवटा साहिब में यमुना घाट पर उगते सूर्य को अर्ध्य देने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed