नाहन (सिरमौर)। शहर की विभिन्न सड़कों पर नए पार्किंग स्थल चिन्हित करने के लिए मंगलवार को यातायात पुलिस और रोड सेफ्टी क्लब के पदाधिकारियों ने सड़कों का जायजा लिया। सड़कों के किनारे एकतरफा पार्किंग के लिए नौ स्थल चिन्हित किए गए हैं। इसकी रिपोर्ट जल्द रोड सेफ्टी क्लब एसपी सिरमौर को सौंपेगा। पुलिस महकमे के अंतिम निर्णय के बाद चिन्हित की गई सड़कों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। रोड सेफ्टी क्लब विशाल तोमर और अन्य पदाधिकारियों ने यातायात प्रभारी लेखराज के साथ सड़कों पर नए पार्किंग स्थल तलाशे। विशाल तोमर ने बताया कि नए पार्किंग स्थलों के लिए जनता के सहयोग की जरूरत है। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर पार्किंग स्थल तलाशे गए हैं। इस अवसर पर पुलिस और क्लब ने पुराने सेशन कोर्ट रोड, कालीस्थान मंदिर, फाउंडरी गेट, कोऑपरेटिव बैंक, महलात, सिंगला स्टोर, जेबीटी स्कूल, नगर परिषद, कच्चा जोहड़ के समीप की सड़कों पर पार्किंग की व्यवस्था का जायजा लिया। विशाल तोमर ने कहा कि चिन्हित किए गए पार्किंग स्थलों की रिपोर्ट एसएचओ नाहन और एसपी सिरमौर को भी सौंपी जाएगी। उन्होंने बताया कि सड़कों के किनारे पार्किंग की व्यवस्था के लिए पीली लाइन की व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर धीरज गर्ग, प्रदीप विज, दीपक बंसल, राजेश, नरेंद्र, अरविंद बंसल और तरुण आदि उपस्थित रहे।