Himachal: सीआईएसएफ के सेवानिवृत्त एसआई ने खुद को मारी गोली, मौत, मौके से मिला सुसाइड नोट
सेवानिवृत्त सीआईएसएफ के उपनिरीक्षक (एसआई) ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट, हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के उपमंडल बैजनाथ के कुकैना गांव में सोमवार को सेवानिवृत्त सीआईएसएफ के उपनिरीक्षक (एसआई) ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट, हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में अपनी इच्छा से जीवन समाप्त करने की बात लिखी है। पुलिस के अनुसार कुकैना पंचायत के प्रधान ने सूचना दी थी कि सीआईएसएफ के सेवानिवृत्त एसआई सुरेंद्र पाल ने अपने घर में लाइसेंसी बंदूक से स्वयं को गोली मार ली है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे के भीतर सुरेंद्र पाल का शव सिर में गोली लगने की अवस्था में पड़ा मिला, जिसके पास उनकी बंदूक, खून और अन्य जैविक साक्ष्य मौजूद थे।
सुसाइड नोट में ये लिखा
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला धर्मशाला की टीम ने भी घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद मृतक की पत्नी सुभद्रा देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति लंबे समय से विभिन्न बीमारियों और अवसाद से पीड़ित थे। उन्होंने पुलिस को सुरेंद्र पाल की ओर से लिखा एक सुसाइड नोट सौंपा, जिसमें उन्होंने अपनी इच्छा से यह कदम उठाने की बात कहते हुए किसी भी व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
पत्नी ने भी किसी पर कोई संदेह नहीं जताया
पत्नी ने भी किसी पर कोई संदेह नहीं जताया है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट, लाइसेंसी बंदूक, शस्त्र लाइसेंस और रक्त के नमूने कब्जे में ले लिए हैं। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा भेजा गया है। पुलिस मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई करते हुए जांच कर रही है।