रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पीठासीन अधिकारियों और सहायक पीठासीन अधिकारियों को ईवीएम/वीवीपैट मशीनों को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. शशांक गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण का आयोजन खेल मैदान रिकांगपिओ में किया गया। इसमें 190 पीठासीन अधिकारियों और सहायक पीठासीन अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को चुनाव के दौरान उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अधिकारियों को चुनाव संबंधी सामग्री भी उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने बताया कि पीठासीन अधिकारियों और सहायक पीठासीन अधिकारियों को पहचानपत्र जारी कर दिए गए हैं। उनसे पोस्टल बैलट सुविधा के लिए फॉर्म भरवा लिए गए हैं। 26 अक्तूबर को पोलिंग पार्टी दो और तीन के लिए भी प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा।
इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी निचार चंद्र मोहन, सहायक निर्वाचन अधिकारी कल्पा कंचन देवी, तहसीलदार मूरंग विनोद कुमार, डीएफएससी आदित्य बिंद्रा, खंड विकास अधिकारी कल्पा जगदीप और नायब तहसीलदार इंद्र सिंह सहित कई अन्य सेक्टर अधिकारी उपस्थित रहे।