{"_id":"6a4d02b773b469f732037415","slug":"tent-business-owners-staged-a-protest-demanding-the-commencement-of-the-shrikhand-yatra-rampur-hp-news-c-178-1-ssml1003-164256-2026-07-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rampur Bushahar News: श्रीखंड यात्रा शुरू करने की मांग को \nलेकर टेंट कारोबारियों ने किया प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rampur Bushahar News: श्रीखंड यात्रा शुरू करने की मांग को लेकर टेंट कारोबारियों ने किया प्रदर्शन
विज्ञापन
निरमंड में श्रीखंड महादेव यात्रा को शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते टैंट संचालक। संवाद
विज्ञापन
निरमंड बस स्टैंड से उपमंडलाधिकारी कार्यालय तक रैली निकाली
. एसडीएम के माध्यम से उपायुक्त कुल्लू को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड(कुल्लू)। श्रीखंड महादेव कैलाश यात्रा को शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर मंगलवार को सैकड़ों टेंट कारोबारियों ने प्रदर्शन किया। श्रीखंड क्षेत्रीय संगठन चायल-जुआगी के बैनर तले निरमंड बस स्टैंड से उपमंडलाधिकारी कार्यालय तक रैली निकाली गई। कारोबारियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यात्रा जल्द बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के प्रधान और बीडीसी सदस्य चायल-जुआगी डीम मौन सिंह ठाकुर ने किया। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमंडलाधिकारी निरमंड जगदीप सिंह राठौर के माध्यम से उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि श्रीखंड महादेव यात्रा मार्ग का तुरंत निरीक्षण करने के लिए एक विशेषज्ञ टीम भेजी जाए। यदि मार्ग सुरक्षित पाया जाता है, तो यात्रा को तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए। संगठन ने कहा कि यात्रा पर सैकड़ों स्थानीय परिवार और टेंट कारोबारी निर्भर हैं। यात्रा बंद होने से उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यात्रा बंद रहने के कारण टेंट कारोबारियों द्वारा खरीदी गई लाखों रुपये की खाद्य सामग्री, राशन और अन्य आवश्यक सामान खराब होने के कगार पर है। इससे स्थानीय कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से जनहित और स्थानीय लोगों के रोजगार को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। इस अवसर पर संगठन के उपप्रधान बलवीर सिंह, सचिव गोवर्धन सिंह, सलाहकार राजेश्वर ठाकुर सहित कई टेंट कारोबारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।