आनी (कुल्लू)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नम्होंग में समाज उपयोगी उत्पादक कार्य के तहत आर्ट एंड क्राफ्ट विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला लगी। कार्यशाला में नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के 15 विद्यार्थियों ने भाग लेकर आर्ट एंड क्राफ्ट में प्रतिभा दिखाई। कला अध्यापक नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को रचनात्मक, कलात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को चित्रकला, हस्तकला, कपड़ों और घड़े पर प्रिंटिंग की तकनीकों का अभ्यास करवाया गया। कला अध्यापक नरेश कुमार ठाकुर ने कुल्लू की स्थानीय संस्कृति को ध्यान में रखते हुए बुनाई जैसे पट्टू बुनाई, पारंपरिक चित्रकला और बांस के काम से संबंधित गतिविधियों को शामिल किया। उन्होंने पेपरमेशी (कागज की लुगदी से शिल्प), मिट्टी के मॉडल (क्ले मॉडलिंग) और कागज क्राफ्ट से जुड़ी गतिविधियां, सिलाई, कढ़ाई और कपड़े पर रंगाई-छपाई (टाई एंड डाई) ब्लॉक प्रिंटिंग जैसे कार्य किए। इसके अलावा विद्यार्थियों ने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों के आधार पर खिलौने और घरेलू सजावट के सामान भी बनाए। 15 विद्यार्थियों ने इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य केहर सिंह ठाकुर ने सभी छात्राओं को बधाई दी।