ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की राजकीय प्राथमिक पाठशाला शोला में आयोजित तीन दिवसीय खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक पाठशाला मझोली-टिप्पर ने ओवरऑल विजेता के पुरस्कार पर कब्जा किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में भाजपा नेता प्रेम सिंह ध्रैक ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और विजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में 11 जोनों से पहुंचे 280 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। एथलेटिक्स में टेंडर हार्ट पब्लिक स्कूल ननखड़ी ने पहले स्थान पर बाजी मारी। वहीं वॉलीबाल (छात्र वर्ग) में टेंडर हार्ट पब्लिक स्कूल ननखड़ी ने पहला स्थान झटका। मझोली-टिप्पर स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में टेंडर हार्ट पब्लिक स्कूल ने पहला और खमाड़ी स्कूल ने दूसरा स्थान झटका। खो-खो में केके जाहू ने पहला और मझोली-टिप्पर ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं छात्रा वर्ग के वॉलीबाल में मझोली-टिप्पर ने पहला और बगलती ने दूसरा स्थान हासिल किया। कबड्डी में केके जाहु ने पहला और नैनगढ़ कांदल शरण ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। खो-खो में केके जाहू प्रथम और देलठ द्वितीय स्थान पर रहा। लोक नृत्य में मझोली-टिप्पर ने पहला स्थान प्राप्त किया। ग्रुप सांग में नैनगढ़ कांदल शरण ने पहला स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रामपुर शशिभूषण श्याम, बीडीसी अध्यक्ष ननखड़ी सुरजीत ठाकुर, केंद्रीय मुख्य अध्यापक शोला देवेंद्र गुप्ता, रामेश्वर खाची, लालचंद, शेर सिंह खूंद, राकेश जिष्टू, सुरेंद्र सिंह और कर्मचंद ठाकुर सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।