रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रारंग स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान छात्र राज सितरा और छात्रा निशा कुमारी को सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी के खिताब से नवाजा गया। वहीं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब वरुण और तनिषा के नाम रहा। वहीं हिमालय सदन को सर्वश्रेष्ठ सदन से सम्मानित किया गया। समारोह में एसटी मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य जिला किन्नौर राजीव राठौर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्कूल प्राचार्य जनक सिंह नेगी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और समारोह में उपस्थित मुख्यातिथि का स्वागत किया।
सालाना समारोह में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समा बांधा। विद्यार्थियों ने किन्नौरी, झारखंड, पंजाबी, गुजराती और नेपाली गाने गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। वहीं मुख्यातिथि ने वर्ष भर की विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर महासचिव भाजपा किन्नौर महेश्वर सिंह नेगी, रारंग पंचायत प्रधान रेखा देवी, बीडीसी सदस्य रारंग राव लक्ष्मी, एसएमसी अध्यक्ष छोजल ज्ञाचओ, अशोक कुमार, संज्ञा डोलमा और अनूप नेगी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।