राजकीय महाविद्यालय आनी में वीरवार को सत्र 2023-2024 के लिए कार्यकारिणी गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय आनी में वीरवार को सत्र 2023-2024 के लिए महाविद्यालय केंद्रीय छात्र संघ कार्यकारिणी के लिए शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय प्राचार्या डाॅ. अनीता शर्मा ने शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने केंद्रीय छात्र संघ की अध्यक्ष साक्षी, उपाध्यक्ष रीना कुमारी, सचिव करिश्मा ठाकुर, सह सचिव अक्षय कुमार और अन्य सभी कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। डाॅ. संगीता नेगी ने कार्यक्रम में बेहतर मंच का संचालन किया। प्राचार्या डॉ. अनीता शर्मा ने नवनियुक्त केंद्रीय छात्र संघ को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास और उन्नति में केंद्रीय छात्र संघ का सर्वोच्च योगदान होता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय छात्र संघ ने छात्र हित में उठाए गए विभिन्न विषयों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। समारोह में प्रो. नरेंद्र पॉल ने मुख्यातिथि का आभार प्रकट करते हुए छात्र संघ के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डाॅ. संगीता नेगी, प्रो. अनिल कश्यप, प्रो. निर्मल सिंह शिवांश, प्रो. अशोक, प्रो. विजय, प्रो. धन प्रकाश शर्मा, प्रो पंपी घामटा, प्रो. सीमा एवं महाविद्यालय के कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।