स्कूली बच्चों, अधिकारियों, संगठनों और स्थानीय लोगों ने लिया रैली में भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। उप तहसील सराहन में शुक्रवार को एंटी चिट्टा रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया और नशा मुक्ति की अलख जगाई। स्कूली बच्चों की अगुवाई में एंटी चिट्टा रैली निकाली गई। यह रैली उपतहसील कार्यालय सराहन से शुरू होकर सराहन बाजार, बस स्टाप और श्री भीमा काली माता मंदिर होते हुए नलाटी स्टेडियम में संपन्न हुई। रैली के माध्यम से नशे के बढ़ते खतरे, समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलाई गई। स्कूली बच्चों ने बैनर हाथ में लेकर स्वास्थ्य जागरूकता और नशा निवारण के संदेश दिए। रैली समापन के बाद मौजूद सभी लोगों ने नशा मुक्त समाज निर्माण की शपथ ली। कार्यक्रम में सभी ने स्वस्थ और नशा मुक्त समाज बनाने की सामूहिक प्रतिबद्धता दर्शाई।