चिड़गांव (रोहड़ू)। विकास खंड छौहारा में पंचायती राज विभाग की ओर से आयोजित चार दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज व्यवस्था, उनके अधिकारों एवं दायित्वों तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पंचायतों के सुचारु संचालन, विकास कार्यों के प्रबंधन, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। बीडीओ विकास वर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यक्षमता बढ़ाना और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है। प्रशिक्षण में मिली जानकारी से प्रतिनिधि अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में विकास कार्यों को अधिक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ा सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पंचायतों को सशक्त बनाने और ग्रामीण विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशिक्षकों, अधिकारियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के साथ ही विकास खंड छौहारा में निर्धारित सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम भी सफलतापूर्वक संपन्न हो गए।