. एनएसयूआई रामपुर इकाई कॉलेज में लगाएगी शिकायत पेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। एनएसयूआई रामपुर इकाई का अध्यक्ष कृष चौहान को नियुक्त किया गया। उन्होंने पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक नंद लाल का आभार व्यक्त किया है। कृष चौहान ने कहा कि कॉलेज परिसर को साफ रखना इकाई का मुख्य उद्देश्य होगा। इसके लिए इकाई जल्द ही ग्रीन कैंपस कार्यक्रम का आयोजन करेगी। परिसर को साफ-सुथरा रखने की पहल शुरू की जाएगी। रामपुर कॉलेज में सालों से शिक्षकों के कई पद रिक्त पड़े हैं। उन्होंने रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार से मांग उठाई। शिक्षकों के पद रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि परिसर में एक शिकायत पेटी लगाई जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को कॉलेज से संबंधित समस्याओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। एनएसयूआई समस्याओं को न केवल अपने स्तर पर उठाएगी, बल्कि उन्हें सुलझाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि दिसंबर में एनएसयूआई अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करेगी। चौहान ने कहा कि उनका मुख्य मकसद कॉलेज में शैक्षणिक माहौल को बरकरार रखना है। शिक्षा के साथ छात्रों के हितों के मुद्दों को भी सुलझाना मुख्य लक्ष्य रहेगा। इस अवसर पर एनएसयूआई कार्यकर्ता स्नेहा, साक्षी, तरुण और अभय उपस्थित रहे।