रोहड़ू। जुब्बल के प्रोंठी गांव में हुए अग्निकांड के दूसरे दिन वीरवार को प्रभावित परिवार के सदस्यों को सांत्वना देने लिए रिश्तेदारों और आसपास के गांवों के कई लोग पहुंचे। मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी और उन्हें हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।
वीरवार सुबह ही प्रशासन की टीम प्रोंठी गांव पहुंची और प्रभावित परिवारों को फौरी राहत दी। प्रभावित परिवारों को दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत राशि दी गई। अग्निकांड में यशवंत, कैलाश और मोनू नेगी का परिवार प्रभावित हुआ है। घटना में करीब पचास लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने कहा कि प्रभावित परिवारों को फौरी राहत दे दी गई है। कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी, जिसके प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। इस मौके पर एसडीएम बीआर शर्मा, डीएसपी सुनील नेगी भी उपस्थित रहे।