रिकांगपिओ(किन्नौर)। मांगों को लेकर रिकांगपिओ अस्पताल के चिकित्सकों ने शुक्रवार को सुबह डेढ़ घंटे तक पेन डाउन हड़ताल की। इस वजह से ओपीडी में उपचार के लिए आए मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा अन्य पीएचसी और सीएचसी में कार्यरत चिकित्सकों ने भी मांगों को लेकर विरोध जताया।
इस दौरान जिले के मरीजों को परेशानियों से दो चार होना पड़ा। यह पेन डाउन स्ट्राइक सुबह 9:30 बजे से लेकर 11:00 बजे तक चली। चिकित्सकों की मांग है कि डॉक्टरों को सेवा विस्तार न दिया जाए, जिन चिकित्सकों को सेवा विस्तार दिया है, उन्हें सेवानिवृत्त किया जाए। ताकि युवा चिकित्सकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।
इसके अलावा अनुबंध पर चयनित चिकित्सकों का ग्रेड पे का 150 फीसदी मानदेय अभी कुछ चिकित्सकों का नहीं दिया गया है, इसे भी शीघ्र जारी किया जाए। पेन डाउन स्ट्राइक में डॉ. एसएस नेगी, एसएमओ डॉ. चंद्र मोहन नेगी, डॉ. सोनम नेगी, डॉ. भारतेंदु, डॉ. राहुल गुप्ता और डॉ. वीरेंद्र के अलावा अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।