राजनीति: राजीव बिंदल बोले- वीरभद्र प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम से कांग्रेस में गुटबाजी और अंतर्विरोध जगजाहिर
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की अनुपस्थिति को मुद्दा बनाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर गुटबाजी और आपसी अंतर्विरोध के आरोप लगाए हैं।
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को लेकर सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की अनुपस्थिति को मुद्दा बनाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर गुटबाजी और आपसी अंतर्विरोध के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस नेता पिछले चार वर्षों से भाजपा में गुटबाजी होने की बात कहकर जनता का ध्यान भटकाते रहे, अब उनके अपने संगठन की अंदरूनी कलह सामने आ गई है। वीरभद्र सिंह का राजनीतिक योगदान किसी एक परिवार या गुट तक सीमित नहीं था।
ऐसे वरिष्ठ नेता की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की गैरमौजूदगी कई सवाल खड़े करती है। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेतृत्व की अनुपस्थिति कांग्रेस के भीतर चल रहे मतभेदों को दर्शाती है। डॉ. बिंदल ने कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह की उस टिप्पणी का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने रोहड़ू के एक कार्यक्रम में वीरभद्र सिंह की तस्वीर नहीं लगाए जाने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में मतभेद लंबे समय से बने हुए हैं और इसी राजनीतिक घटनाक्रम के चलते कांग्रेस के छह वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा की चिंता करने के बजाय अपने संगठन की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की मुट्ठी बंद थी, बंद है और बंद रहेगी। कांग्रेस अपने घर की चिंता करे।
बैठक में संगठन के विस्तार, बूथ सशक्तीकरण और आगामी कार्यक्रमों की चर्चा
संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए डॉ. बिंदल ने बताया कि भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा के नेतृत्व में आज पार्टी की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, बूथ सशक्तीकरण और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के लगभग 8,000 पोलिंग बूथों पर संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी हुई है। प्रदेश के 171 मंडलों में 171 अनुभवी विस्तारक तैनात किए गए हैं, जो बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय और संगठित करने का कार्य कर रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक पोलिंग बूथ पर 50 से 75 कार्यकर्ताओं की सशक्त टीम तैयार करना है। डॉ. बिंदल ने बताया कि प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा दस दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर निकल रहे हैं, जिसकी शुरुआत रामपुर से होगी और यह प्रवास जनजातीय क्षेत्रों से होते हुए भरमौर तक पहुंचेगा। वहीं नवनियुक्त प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद सुदर्शना सिंह का दूसरा संगठनात्मक प्रवास 25 से 29 अक्तूबर तक कांगड़ा जिले में प्रस्तावित है।