Himachal Pradesh: आईटीआई नाहन में अमर उजाला फाउंडेशन के सौजन्य से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित
आईटीआई नाहन में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन के सौजन्य से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय नाहन रमाकांत ठाकुर ने बच्चों को नशे के प्रति सावधान किया।
विस्तार
नशे से बचने के लिए सबसे पहला काम बुरी संगत से दूर रहने का करें। अपनी ऊर्जा को खेलों में लगाएं और जीवन के लिए लक्ष्य निर्धारित करें, यदि आप लक्ष्य निर्धारित नहीं करते हैं तो खाली दिमाग में गलत विचारों के जन्म लेने की संभावना बहुत प्रबल है।
आईटीआई नाहन में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में यह बात डीएसपी मुख्यालय नाहन रमाकांत ठाकुर ने कही। कार्यक्रम के दौरान मंच पर आईटीआई के प्रधानाचार्य इंजीनियर अशरफ अली व स्टॉफ भी मौजूद रहा। प्रधानाचार्य ने डीएसपी को सम्मानित कर कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद अमर उजाला की ओर से उन्हें टोकन ऑफ लव दिया गया।
अपने संबोधन में डीएसपी ने प्रशिक्षुओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। समाज में नशे का कारोबार कैसे फैल रहा है और नशे को शिकंजा कसने के लिए एनडीपीएस एक्ट में क्या-क्या प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने प्रोजेक्टर के जरिए इसकी प्रेजेंटेशन भी दी। वीडियो के जरिए बताया कि कैसे पाकिस्तान से नशे की खेप हर महीने ड्रोन के जरिए पंजाब पहुंचाई जा रही है और वहां से नशे के तस्कर कैसे उसे चंडीगढ़ ला रहे हैं। यह भी बताया कि कैसे चंडीगढ़ से उसे हिमाचल लाया जा रहा है। मुख्य ड्रग तस्कर को पकडऩे के लिए पुलिस के प्रयासों और मुश्किलों को भी प्रोजेक्टर के जरिए विस्तार से बताया।
डीएसपी ने कई उदाहरण और डैमो देकर बताया कि कैसे 16 से 25 साल के बच्चे नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। उन्होंने बच्चों को नशे का कारोबार और सेवन करने वालों की संगत में रहने वालों को क्या क्या परेशानी आ सकती है, इसकी भी जानकारी दी। डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने कहा कि नशा कितना गंभीर रूप ले चुका है। इसकी गंभीरता समाज नहीं समझ रहा है। उन्होंने इसे बेहतर ढंग से समझाने के लिए प्लासी के युद्ध का उदाहरण भी दिया। उन्होंने समाज से भी समय रहते इसकी गंभीरता समझने का आह्वान किया।
1. प्रधानाचार्य अशरफ अली ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बेहद सराहनीय हैं। जिस ढंग से प्रोजेक्टर के जरिए नशे पर सचेत पर किया गया, वह बहुत ही ज्ञानवर्धक और रोचक रहा।
2. छात्रा अंजलि ने कहा कि आज से पहले नशे पर इतने सरल और सहज तरीके से किसी ने भी जागरूक नहीं किया।
3. छात्र वंश ने कहा कि प्रोजेक्टर के जरिए जिस ढंग से समझाया गया, उससे पुलिस के कार्य करने की भी जानकारी मिली।
4. निशांत ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम बहुत अच्छा रहा, समाज से नशा जड़ से खत्म हो इसके लिए मैं भी कोई योगदान देने का प्रयास करूंगा।