हिमाचल: जयराम ठाकुर के बयान पर मंत्रियों ने किया पलटवार, बोले- सीमेंट के दाम सरकार नहीं, कंपनियां करती हैं तय
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सीमेंट के दाम सरकार की ओर से तय नहीं किए जाते हैं। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि सीमेंट के दाम को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर तथ्यहीन बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। सीमेंट के दाम सरकार की ओर से तय नहीं किए जाते हैं। सीमेंट का उत्पादन निजी कंपनियों की ओर से किया जाता है और दाम कंपीटिशन कमीशन ऑफ इंडिया की ओर से निर्धारित किए जाते हैं। इस तथ्य से आमजन भी भलीभांति परिचित हैं। प्रदेश सरकार ने सीमेंट पर लगने वाले टैक्स में किसी भी तरह की बढ़ोतरी नहीं की है। जिससे सीमेंट के दामों में वृद्धि हो।
पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान प्रदेश में सीमेंट के दाम वर्तमान दामों से 40 से 50 रुपये अधिक थे। वर्तमान सरकार ने लोगों को महंगाई से राहत प्रदान करने के लिए निरंतर कदम उठाए हैं। समाज के उपेक्षित तथा कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में सुर्खियां प्राप्त करने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करना उचित नहीं है। सरकार आपदा से क्षतिग्रस्त लोगों के घर, दुकान और सार्वजनिक आधारभूत ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष को बयान जारी करने से पहले तथ्यों की जांच करने का परामर्श देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता वास्तविकता से भली भांति परिचित है। जनता प्रधानमंत्री की ओर से घोषित 1500 करोड़ रुपये के पैकेज का अभी भी इंतजार कर रही है। नेता प्रतिपक्ष को इस संबंध में भी प्रकाश डालना चाहिए।