बस अड्डा बाउंड्री वाल निर्माण को लेकर विजिलेंस जांच शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुंदरनगर (मंडी)। बस अड्डा प्राधिकरण की ओर से बस स्टैंड पर निर्मित की गई बाउंड्री वाल विवादों में आ गई है। बाउंड्री वाल के साथ लगते घरों के लोगों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को एक शिकायत भेज कर इसके निर्माण में गुणवत्ता को दरकिनार करने और मंजूर नक्शे को बदल कर काम करवाने की विजिलेंस जांच की मांग की थी। जिस पर सरकार ने विजिलेंस विभाग मंडी को इसकी जांच के आदेश जारी किए हैं। जिस पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस की टीम ने लोनिवि के अधिकारियों के साथ बस स्टैंड पर जाकर निर्माण की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी है।
विजिलेंस की इस कार्रवाई से बाउंड्री वाल का निर्माण करने वाले ठेकेदार व निर्माण कार्य करवाने वाले बस अड्डा प्राधिकरण के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। बस अड्ड प्राधिकरण ने सुंदरनगर बस स्टैंड पर करीब छह लाख की लागत से बाउंड्री वाल का निर्माण एक ठेकेदार के माध्यम से करवाया। इसके निर्माण में करीब 36 हजार ईंटों का प्रयोग हुआ है।
आरोप है कि बस अड्डा प्राधिकरण ने जब टेंडर जारी किया था तो इसका नक्शा कुछ और था। उसमें स्टैप में बाउंड्री वाल बनाने का प्रावधान किया गया था। ताकि निर्माण के उपरांत बाउंड्री वाल ढह न सके। बाद में प्राधिकरण के अधिकारियों ने मिलीभगत कर नक्शा बदल दिया और करीब 20 फीट ऊंची बाउंड्री वाल बिना गहरी नींव खोद जमीन पर बिना स्टैप के ही निर्मित करवा दी। जिसके कारण दीवार कई जगह से झुकनी शुरू हो गई है। बाउंड्री वाल के साथ लगते घरों के बाशिदों सौजी देवी, पूर्ण चंद डोगरा, परस राम, लाभ सिंह, सरवण कुमार, अजीत कुमार, शम्मी, कमलेश और मस्त राम ने इस मामले को नवंबर में मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। अपनी शिकायत में इन लोगों ने कहा कि बाउंड्री वाल का घटिया निर्माण होने से यह कभी भी ढह सकती है।
इससे उनके परिवार के सदस्य व बच्चे इसकी चपेट में आ सकते है। वीरवार देर शाम विजिलेंस और लोनिवि के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके का दौरा किया तथा बाउंड्री वाल की कई जगह से नींव की खुदाई कर गहराई जांची और दीवार का निर्माण नक्शा के अनुसार हुआ है या नहीं यह भी पड़ताल की। विजिलेंस ने आगामी जांच के लिए शिकायतकर्ता और ठेकेदार, प्राधिकरण के अधिकारियों को सोमवार 27 फरवरी को फिर से मौके पर तलब किया है। विजिलेंस टीम का नेतृत्व करने वाले एसआई संगीत पटियाल ने बताया कि बाउंड्री वाल के निर्माण में गुणवत्ता को दरकिनार करने की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होते ही रिपोर्ट सरकार को भेज दी जाएगी।