सुंदरनगर (मंडी)। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों को धनोटू स्थित शहीद राजेश चौक पर रविवार को कलाकारों, खिलाड़ियों, साहित्यकारों और समाजसेवियों ने मोमबत्ती जलाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद धनोटू बाजार में रैली निकाल कर भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद, देश की एकता जिंदाबाद के नारे लगाए।
श्रद्धांजलि सभा में सभी ने देश की एकता और अखंडता को बरकरार रखने की शपथ ली। साहित्यकार कृष्ण महादेविया ने पहलगाम में हिंदू पर्यटकों की नृशंस हत्या की भर्त्सना की। कहा कि हमें भीतरी और बाहरी गद्दारों पर नजर रखनी चाहिए। इंजीनियर श्याम और समाजसेवी राजेंद्र सिंह ने समाज में एकता और समरसता बनाए रखने की बात कही।
अंतरराष्ट्रीय पहलवान जितेंद्र चौहान ने लोगों का आह्वान किया कि बच्चों को खिलाड़ी बनने, उन्हें अनुशासन में रहते हुए देश से प्रेम करने के लिए प्रेरित करें। संगीतकार राजेश भारती, घनश्याम, पूर्व उपप्रधान श्याम चौहान, मनोज कुमार, सुधीर, ऑटोमोबाइल इंजीनियर एम लाल, क्रांति कृष्ण आदि ने भी अपने विचार साझा किए। संवाद