थुनाग (मंडी)। ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था के केंद्र देव गाडा बताल उझगांव के नव-निर्मित मंदिर में आगामी एक और दो जुलाई को भव्य पूज कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर उझगांव में पूज कार्यक्रम कमेटी की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर अहम निर्णय लिए गए।
इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में मंडी जिला के आराध्य देव महादेव मगरू महादेव छतरी मुख्य कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्र की 32 देवठियों के कार-कारिंदे (कारकून) हाजिरी भरेंगे। देव गाडा बताल उझगांव का इतिहास सदियों पुराना है। साल 2023 में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के दौरान यह ऐतिहासिक मंदिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद मंदिर के पुनर्निर्माण का बीड़ा उठाया गया। इस नवनिर्मित भव्य मंदिर के निर्माण में उझगांव के साथ छतरी, टकरासी, मानगढ़, जंजैहली, बगडा व खाउली के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंदिर निर्माण कार्य को अमलीजामा पहनाने में उझगांव के समस्त ग्रामीणों सहित एक विशेष टीम ने दिन-रात अपनी सेवाएं दीं। पूज कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए पूज कार्यक्रम कमेटी उझगांव का गठन भी किया गया है। कमेटी में चंद्रकांत को प्रधान और दिनेश को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।