धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर नलवाड़ और देव मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या लोकगायक काकू ठाकुर के नाम रही। उन्होंने पंजाबी, पहाड़ी और फिल्मी गीतों से दर्शकों को खूब नचाया। वहीं, मंडी से लोकगायक हरदेव हरि ने भी फिल्मी गीतों से खूब समां बांधा। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शक खूब झूमे। इसके अलावा अन्य स्थानीय कलाकारों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
लोकगायक काकू ठाकुर ने मित्रां दा न चलदा, चिट्टा तेरा चोला काला डोरा, इन्हा बड़ियां जो तुड़का लाणा ओ ठेकेदारनिए, रोहड़ू जाना मेरी अमिये आदि पहाड़ी गीतों की झड़ी लगाकर दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया। मंडी के आयुष मंगला ने पहले भी मैं तुमसे मिला हूं... और नॉन स्टाॅप पंजाबी व हरिदेव हरि ने तेरे जैसा यार कहां, कहां ऐसा याराना, दर्द द दिल-दर्द ए जिगर दिल में जगाया आप ने सहित अन्य गाने गाकर पंडाल में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस मौके स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से वाहवाही लूटी। स्थानीय कलाकारों वीना देवी, संजय कुमार, प्रिया, विरेंद्र राहुल, रोहित कुमार, मोहित गर्ग, शारदा शर्मा, ज्ञान धारा पब्लिक स्कूल, अश्वनी बधान, इंदरजीत सिंह, रिश्व सलोत्रा, सूरम सिंह शामिल रहे। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि बीडीओ धर्मपुर विवेक गुलेरिया शामिल हुए। मेला कमेटी के अध्यक्ष एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने मुख्यातिथि का शॉल-टोपी पहनाकर स्वागत किया।