सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल के बाग गांव में शुक्रवार रात दो बजे स्लेटपोश मकान आग लगने से जल गया है। परिवार के सदस्यों ने शोर मचाया तो आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। पुलिस और अग्निशमन विभागों को सूचना देने पर विभागीय कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
अग्निशमन विभाग के प्रभारी विक्रांत ने बताया कि शुक्रवार रात दो बजे कार्यालय में सूचना मिली कि बाग गांव में जगदीश चंद पुत्र बर्फूराम के स्लेटपोश मकान में आग लगी है। घटना के दौरान परिवार के पांच लोग घर में सो रहे थे। आग लगने का आभास होने पर सभी सुरक्षित बाहर निकल आए थे और शोर मचा कर आस पड़ोस के लोगों को एकत्रित किया। अग्निशमन कर्मचारी वाहन के साथ मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया।
घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन पीड़ित परिवार को करीब एक लाख का नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग की तरफ से नायब तहसीलदार सरकाघाट सतीश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर हलका पटवारी रक्षा, कानूनगो लता शर्मा को मौके पर भेजा गया, जिन्हाेंने घटना का जायजा लेकर नुकसान का आकलन कर एक लाख रुपये तक का नुकसान आंका है। पीड़ित परिवार को मौके पर दस हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। संवाद