सुंदरनगर (मंडी)। एबीवीपी की स्टूडेंट्स फॉर सेवा सुंदरनगर ने शहर में सावित्री बाई फुले बुक बैंक वीरवार को शुरू कर दिया है। बुक बैंक के माध्यम से जमा एक से स्नातक, स्नातकोत्तर तक की पुस्तकें जरूरतमंदों को उपलब्ध करवाई जाएंगी। बैंक का शुभारंभ एबीवीपी के पूर्व प्रांत संगठन मंत्री कौल नेगी ने किया। प्रांत प्रमुख डॉ. राकेश शर्मा ने बताया कि सुंदरनगर में सुनील उपाध्याय वस्त्र बैंक, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम फ्री क्लासेज के बाद सावित्री बाई फुले बुक बैंक के माध्यम से सभी जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की सहायता की जाएगी।
कहा कि समाज के बुद्धिजीवी वर्ग के लोग आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की सहायता करना चाहते हैं। मंच न मिलने से वे ऐसा करने से वंचित रहते हैं। इसलिए स्टूडेंट्स फॉर सेवा इकाई ने बुक बैंक आरंभ किया है। इस मौके पर प्रांत संगठन मंत्री गौरव अत्री, राष्ट्रीय कला मंच प्रांत प्रमुख डॉ. शशिकांत शर्मा, जिला प्रमुख हेमराज ठाकुर, एसएफएस जिला सह प्रमुख नैना केशव, जिला संयोजक अर्चना कुमारी, जिला संयोजक अंकुश वर्मा, नगर उपाध्यक्ष डॉ. नेहा सेन, अंबिका शर्मा, बुक बैंक के संयोजक रुपेंद्र ठाकुर, सह संयोजक अचल मल्होत्रा, इकाई सचिव सौरव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संवाद