दूसरी बार शिलान्यास से भड़के भाजपा कार्यकर्ताओं ने तोड़ी पट्टिका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बालीचौकी (मंडी)। बालीचौकी स्कूल के विज्ञान भवन का दूसरी बार शिलान्यास करने को लेकर भड़के भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिलान्यास पट्टिका को तोड़ डाला। मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन चेतराम ठाकुर स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में भाग लेने आए थे। चेतराम के हाथों शुक्रवार को बालीचौकी स्कूल के विज्ञान भवन के शिलान्यास का कार्यक्रम भी आयोजित होना था। लेकिन, स्थानीय विधायक जयराम ठाकुर की ओर से इस भवन का शिलान्यास वर्ष 2012 में कर देने पर शुक्रवार को दूसरी बार शिलान्यास को लेकर भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे और स्कूल पहुंचकर पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष स्कूल के विज्ञान भवन की शिलान्यास पट्टिका को तोड़ डाला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर चेतराम ठाकुर के खिलाफ स्कूल परिसर में नारेबाजी की और चेतराम गो बैक के नारे लगाए।
इस बीच स्थानीय कांग्रेस और भाजपा नेताओं को काफी देर तक पुलिस के समक्ष नोकझोंक हुई। मगर पुलिसकर्मी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी कुछ नहीं कर पाए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि यह शिलान्यास पट्टिका न स्कूल और न प्रशासन ने लगाई है, लेकिन कुछ कांग्रेस नेताओं ने अपना नाम चमकाने के लिए स्कूल के विज्ञान भवन का दूसरी बार शिलान्यास करना चाहा है जिसे पूरा नहीं होने दिया जाएगा। बालीचौकी स्कूल परिसर में हुए इस हंगामे से हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अगर विधायक जयराम ने इस भवन का शिलान्यास किया है तो आज तक काम क्यों नहीं शुरू किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग खुद काम करते नहीं और कांग्रेस द्वारा किया जा रहा विकास नहीं होने देते।
आरोप लगाया कि विधायक जयराम ने अपने कार्यकर्ताओं को भड़काकर इस घटना को अंजाम दिया है। सराज युकां उपाध्यक्ष बीर सिंह भारद्वाज और मंडल महासचिव टेक सिंह ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिलान्यास पट्टिका तोड़कर घटिया मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने विधायक जयराम पर आरोप लगाया कि शिलान्यास के 4 साल बाद भी जयराम एक ईंट तक नहीं लगा पाए। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर हितेश लखनपाल का कहना है कि एसएमसी प्रधान की ओर से स्कूल में अवैध निर्माण को लेकर शिकायत मिली है। शिलान्यास पट्टिका तोड़ने के संबंध में अभी तक शिकायत नहीं मिली है। फिर भी पुलिस मामले की छानबीन करेगी।