सुंदरनगर (मंडी)। चरस मामले में दो और आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामले में एक आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। बीते 11 दिसंबर को पंजाब रोडवेज की बस में सवार यात्री से 2.369 किलोग्राम चरस बरामद की थी। पुलिस ने ये गिरफ्तारी चरस मामले में हिरासत में लिए गए आरोपी से गहन पूछताछ के बाद की है।
11 दिसंबर को सुंदरनगर पुलिस के दल ने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पुंघ नाके पर पंजाब रोडवेज की बस में सवार कुलदीप कौशिक (31) निवासी मकान नंबर 278/3 बसंत विहार, रोहतक हरियाणा के बैग से 2.369 किलोग्राम चरस बरामद की थी। उसे हिरासत में लिया था। आरोपी से पूछताछ के बाद इस धंधे में जुड़े हरियाणा निवासी आरोपी ललित उर्फ शिवनाथ और प्रेम सिंह को कुल्लू जिले के मनीकर्ण से हिरासत में लिया है। पुलिस टीम ने एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कुल्लू घाटी में दबिश दी लेकिन वह चकमा देने में कामयाब हो गया। इधर, डीएसपी गुरबचन सिंह ने 2.369 किलोग्राम चरस मामले में दो और आरोपियों को हिरासत में लेने की पुष्टि की है।