{"_id":"30122","slug":"Mandi-30122-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"रिवालसर कालेज पर विचार करेगी सरकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रिवालसर कालेज पर विचार करेगी सरकार
Mandi
Updated Sat, 12 May 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
रिवालसर (मंडी)। मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि राज्य सरकार मंडी जिले के रिवालसर में राजकीय डिग्री कालेज खोलने पर विचार करेगी जिससे स्थानीय युवाओं विशेषकर लड़कियों को उच्च शिक्षण सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को बल्ह विधानसभा क्षेत्र के रिवालसर में 8.80 करोड़ की अनुमानित लागत से धर्मत्रिवेणी बनने वाली मल निकासी योजना की आधारशिला रखी। इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने समग्र हिमाचल का एकसमान विकास किया है। भाजपा के शासन में सेब और मक्की तथा ऊपर और नीचे के हिमाचल के भेदभाव को दूर किया है। हिमाचल प्रदेश देश का ऐसा पहला राज्य है, जिसने नेरचौक में ईएसआई मेडिकल कालेज एवं अस्पताल स्थापित करने के लिए भूमि एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाईं और भारत सरकार को आवश्यक भूमि एक रुपये टोकन लीज़ पर दी। हालांकि ईएसआई मेडिकल कालेज एवं अस्पताल को स्थापित करने के लिए यह क्षेत्र नियमों को पूरा नहीं करता था, इसलिए कॉलेज को विशेष मामले के तहत स्वीकृति प्रदान की गई। इसके स्थापित होने से लोगों को राष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं एवं शिक्षा उपलब्ध होगी। इसी प्रकार कमांद में आईआईटी को स्थापित करने के लिए हर प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाई गईं। बल्हघाटी मध्यम सिंचाई योजना जल्द तैयार होने पर जनता को समर्पित की जाएगी। रिवालसर मल निकासी योजना के कार्य को आरंभ करने के लिए पहले ही 1.25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री राहत कोष में चार सालों में 25 करोड़ रुपये जमा हुए जिसमें से हजारों गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को 23.5 करोड़ रुपये वितरित किए गए। मुख्यमंत्री के रिवालसर पहुंचने पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जिनमें बौद्घ भिक्षु भी शामिल थे ने उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री जयराम ठाकुर,परिवहन मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, बल्ह के विधायक विधायक प्रकाश चौधरी,विधायक एवं पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर, मिल्कफैड के अध्यक्ष मोहन लाल जोशी,पूर्व विध ायक डीड़ी ठाकुर एवं कन्हैया लाल ठाकुर, जिला परिषद के अध्यक्ष खीरामणि, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष अजय राणा, प्रदेश भाजपा सचिव राकेश जम्वाल एवं भुवनेश्वरी, बल्ह भाजपा मंडल के अध्यक्ष संजय रावत, पंचायत समिति के अध्यक्ष बंसीलाल, स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान तेज सिंह ठाकुर, उपायुक्त देवेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर, वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी एवं अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
विज्ञापन