सुंदरनगर (मंडी)। स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने विधायक राकेश जम्वाल की मांग पर नागरिक अस्पताल सुंदरनगर के भवन पर तीसरी मंजिल बनाने के लिए प्रारूप तैयार करने के लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की कमी को दूर करने और यहां पर चिकित्सकों के अधिक पद सृजित करने का मामला प्रदेश सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने नागरिक अस्पताल के सौंदर्य के लिए तीन लाख की राशि भी मंजूर की। वहीं, अस्पताल में बनने वाले 12.5 करोड़ से मातृ-शिशु अस्पताल का निर्माण जल्द पूरा करने के लिए भी निर्देश दिए। इससे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल परिसर और वार्डों का निरीक्षण किया तथा वहां मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल कल्याण समिति की ओर से मरीजों के तीमारदारों के रहने के लिए 10 लाख की लागत से निर्मित की गई सराय का भी लोकार्पण किया। इस मौके पर विधायक विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर, सीएमओ डॉ. देसराज शर्मा, बीएमओ डॉ. अविनाश पंवर, एसएमओ डा.जावेद, भाजयुमो अध्यक्ष मुकेश चंदेल, महामंत्री घनश्याम वर्मा, मीडिया प्रभारी महेंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश नायक, सुरेंद्र पाल, दया राम कौंडल, नरेश चंदेल, भूपेंद्र ठाकुर और जितेंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।