42 करोड़ की लागत से दूर होगी बल्ह विस क्षेत्र में पेयजल किल्लत : सीएम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रिवालसर (मंडी)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रिवालसर में जनसभा में कहा कि रिवालसर को पर्यटन सर्किट के रूप में उभारा जाएगा। इसके लिए एशियाई विकास बैंक की योजना स्वीकृत की जाएगी। हिंदू, बौद्ध और सिख धर्म की त्रिवेणी रिवालसर को पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाएगा। कहा कि बल्ह विस क्षेत्र में पानी की समस्या दूर होगी क्योंकि ब्रिक्स ने बल्ह के लिए 42 करोड़ रुपये की पेयजल योजना स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि मंडी-दुर्गापुर सड़क का सुधार किया जाएगा। साथ ही कूहल निर्माण के लिए 10 लाख रुपये जारी करने और राजकीय उच्च पाठशाला चनवां खाबू को आगामी शैक्षणिक सत्र से वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के रूप में स्तरोन्नत करने की घोषणा की।
उन्होंने क्षेत्र में सड़कों के समुचित रखरखाव और निर्माण की दृष्टि से बल्ह में लोक निर्माण विभाग का मंडल खोलने की भी घोषणा की। साथ ही मंडी के लिए मुख्य वास्तुकार, लोक निर्माण विभाग का पद सृजित किया जाएगा।
जगह जगह किया सम्मानित
बल्ह निर्वाचन क्षेत्र के अन्तर्गत मणी से रिवाल्सर के रास्ते विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों ने जगह-जगह मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। प्रारंभिक शिक्षा विभाग मंडी के शिक्षकों और स्टाफ में मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 1.30 लाख रुपये का चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया।
करोड़ों के शिलान्यास
सीएम ने पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गलमा पुल, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 3.39 करोड़ रुपये से बनने वाले रोपड़ी से खुड्डी सड़क मार्ग और रिवालसर में 5.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के शिलान्यास किए। उन्होंने गंभीर खड्ड पर बनने वाले पुल की आधारशिला भी रखी।
अनिल ने पूर्व सीएम पर कसा तंज
ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने पूर्व सीएम पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान मंडी जिला की उपेक्षा हुई है। पूर्व मंत्री पंडित सुखराम के साथ राजनीतिक मतभेद के चलते पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जिले के साथ बदले की भावना के साथ कार्य किया। आज पूरे प्रदेश और विशेषकर मंडी जिला को मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के रूप में आशीर्वाद मिला है। उन्होंने कहा कि बल्ह क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। क्षेत्र में हवाई अड्डे के निर्माण से नि:संदेह पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली की वोल्टेज में सुधार की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। ...
नाइलेट के लिए जताया आभार
सांसद राम स्वरूप शर्मा ने मंडी के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राष्ट्रीय संस्थान (नाइलेट) मंजूर करवाने के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विश्व की मजबूत आर्थिकी की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नैरचौक में स्थापित ईएसआई अस्पताल में लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
...
बल्ह में लोनिवि मंडल की घोषणा का स्वागत
स्थानीय विधायक इंद्र सिंह गांधी ने उनके विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से बल्ह में लोक निर्माण विभाग के मंडल स्वीकृत करने के आग्रह को मानने पर हर्ष जताया। साथ ही क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी उठाया।
000