मंडी। शहर में कबीर विश्व आध्यात्मिक जन प्रचार संघ ने रैली निकालकर रामपाल को बेकसूर होने का दावा करते हुए रिहाई की मांग की। अनुयायियों ने बड़ी संख्या में मंडी में एकत्र होकर रिहाई के नारे लगाए। रैली मंडी के विश्वकर्मा भवन के पास से शुरू होकर सेरी मंच तक पहुंची, जहां पर प्रदेश समन्वयक ओम प्रकाश भारद्वाज की अध्यक्षता में जिलाधीश के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। इसके बाद रैली चौहाटा बाजार होते हुए विक्टोरिया पुल, जवाहर नगर, पुरानी मंडी, व्यास सदन, पुलघराट, रामनगर से होते हुए दोबारा विश्वकर्मा मंदिर के पास समाप्त हुई। इसमें अनुयायियों ने नारे भी लगाए गए। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पटरी से उतर गई। कहीं प्रशासनिक अधिकारियों तो कहीं एंबुलेंस सड़क पर फंसी दिखी। रैली में उमड़ी भारी भीड़ के कारण शहर में जगह-जगह जाम की स्थिति पैदा हो गई। इसके चलते लोगों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। इस जाम के कारण एंबुलेंस सहित रोगी वाहनों व अन्य वाहनों को भी कुछ समय तक जाम में फंसना पड़ा। वहीं लोगों को भी अपने गंतव्यों तक जाने में परेशानी हुई। अनुयायियों ने 18 नवंबर का दिन काला दिवस के रूप में मनाया। उन्होंने बरवाला कांड के बारे में सीबीआई जांच की भी मांग की, ताकि सच्चाई सामने आ सके। दिल्ली में लगातार बरवाला कांड के बारे में सीबीआई जांच के लिए प्रदर्शन किया जा रहा है। रैली के दौरान यह भी मांग की गई की रामपाल पर बनाए झूठे केस वापस लिए जाएं और उन्हें रिहा किया जाए। रैली में प्रदेश समन्वयक ओम प्रकाश दास, नरेश दास पुरी, डा. चमन लाल दास, देवेंद्र दास राणा, जिला ऊना से जीवन लाल दास, सिरमौर से गणेश दास शर्मा, बिलासपुर से हितेश दास मेहता, कांगड़ा से संजय शर्मा, चंबा से अशोक दास, किन्नौर से बलवान दास, हमीरपुर से राजेश दास, सोलन से सुभाष दास, शिमला से रूप दास, चंबा से अशोक दास आदि उपस्थित रहे।