फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Mandi News ›   छोटी काशी में माधोराय संग खूब उड़ा गुलाल

छोटी काशी में माधोराय संग खूब उड़ा गुलाल

Thu, 01 Mar 2018 10:46 PM IST
Updated Thu, 01 Mar 2018 10:46 PM IST
विज्ञापन
छोटी काशी में माधोराय संग खूब उड़ा गुलाल
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। छोटी काशी के रूप में विख्यात प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी मंडी में रंगोत्सव का नजारा कुछ अलग ही नजर आया। चारों तरफ अबीर-गुलाल उड़ाते नाचते-गाते लोगों ने होली पर्व को चार चांद लगा दिए। रंगों से सरोबार होली उत्सव डीजे की धुनों और पारंपरिक रीति रिवाजों का निर्वहन करते हुए मनाया गया। ऐतिहासिक सेरी मंच पर डीजे की धुनों पर यंगिस्तान से लेकर हर वर्ग के लोगों ने जमकर मस्ती की। जिसके बाद रियासतकालीन देवता माधोराय की पालकी के साथ होली खेली गई। होली का जश्न मनाने के लिए सेरी में पूरा शहर उमड़ पड़ा। पहाड़ी, हिंदी, भोजपुरी और होली के गीतों पर युवाओं ने जमकर डांस किया। राजदेवता माधोराय भी पालकी में सवार होकर होली के मतवालों के साथ होली खेलने सड़कों पर उतर आए। माधोराय की जलेब निकलने के बाद ही मंडी में होली की मस्ती समाप्त हो गई। होली का त्योहार मंडी जनपद में देश भर में मनाई जाने वाली होली से एक दिन पूर्व ही मनाया जाता है।
विज्ञापन

सुबह से ही युवाओं की टोलियां सड़कों पर निकल कर एक दूसरे पर रंग गुलाल फेंकते हुए सेरी चानणी की ओर बढ़ने लगीं। इसके अलावा शहर के मुख्य बाजारों में भी अबीर गुलाल की बौछार जमकर हुई। 11 बजे से शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर लोग डीजे पर मस्ती में शुरू हो गए थे। हजारों लोगों ने जमकर गुलाल उड़ाया और डांस किया। युवाओं में खासा उत्साह था। दोपहर 2 बजे राजदेवता माधोराय की पालकी दरबार से निकली। लोगों ने माधोराय के संग होली खेली। राज दरबार से चौहाटा, समखेतर, भूतनाथ होते हुए देव माधोराय की पालकी वापस मंदिर पहुंची। होली में रियासत काल से ही राजदेवता माधोराय की भागीदारी रही है। देर शाम कांभल वृक्ष की टहनियों की पूजा कर उसका होलिका दहन किया गया।
विज्ञापन



सिराजघाटी और कमरूघाटी में अनेक स्थानों पर काटे बकरे
गोहर (मंडी)। नाचन और सिराज घाटी में रंगों का पर्व होली श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। वीरवार सुबह से ही क्षेत्र में बच्चे और लोग हाथ में गुलाल लेकर एक दूसरे को रंग लगाते नजर आए। क्षेत्र के लोगों ने दिन भर एक दूसरे को गुलाल लगाया और होली पर्व की बधाई दी। अभिलाषी विश्वविद्यालय में कॉलेज छात्रों ने डीजे की धुनों पर होली पर्व का आनंद लिया। चैलचौक में नाचन भाजपा ने विधायक विनोद कुमार की मौजूदगी में होली पर्व मनाया और बाजार के लोगों को विधायक ने रंग लगाकर बधाई दी। सिराजघाटी में भी जंजैहली, थुनाग, बगस्याड़ और कांढा में होली पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अनेक लोगों ने परिवार सहित मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना की और देवी देवताओं का आशीर्वाद लिया। सिराज घाटी और कमरूघाटी में अनेक स्थानों पर लोगों ने होली पर्व पर बकरे भी काटे। चैलचौक, गोहर, गणई और आसपास के इलाकों में दिनभर डीजे बजते रहे और युवा होली के रंग में नाचते गाते रहे। एसडीएम थुनाग सुरेंद्र मोहन ने बताया कि क्षेत्र में होली का त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है। कहीं से कोई अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। एसडीएम गोहर कुलबीर सिंह राणा ने कहा कि क्षेत्र में होली शांतिपूवर्क मनाई गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


रंगीन हो गई मार्कंडेय ऋषि की नगरी
बाली चौकी (मंडी)। मार्कंडेय ऋषि की नगरी बालीचौकी वीरवार को रंगीन हो गई। देवता मार्कंडेय मंदिर में लोगों ने जमकर रंग खेले। डीजे की धुनों पर लोगों ने खूब धमाल मचाया। रवि ठाकुर, दलीप, यशंवत शर्मा, जोगिंद्र शर्मा, इंद्र सिंह आदि ने बताया कि उन्होंने होली का पर्व पूरे हर्ष के साथ मनाया ।

सरौन में मनाया रंगों का त्योहार
टिहरा (मंडी)। अजय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरौन के प्रांगण में वीरवार को खूब रंग उड़े। स्कूल के सभी अध्यापकों तथा छात्रों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। होली के गीतों पर नन्हे बच्चों ने जमकर धमाल मचाया। उपप्रधानाचार्य लता पठानिया ने गीत प्रस्तुत करके सबका मनोरंजन किया। प्रधानाचार्य ने सभी को मिलजुलकर रहने का संदेश दिया।

ढोल नगाड़ों की थाप पर खूब थिरके
धर्मपुर (मंडी)। इस वर्ष भी डा. विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल धर्मपुर के बच्चों ने धूमधाम से होली का त्योहार मनाया। उन्होंने बाजार में रैली निकाल कर ढोल-नगाड़ों की धुन पर खूब डांस किया तथा एक दूसरे को होली की बधाई दी।

विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ खेली होली
नेरचौक (मंडी)। बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के संग कुम्मी गांव में होली का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया। उनके साथ महिला मोर्चा से प्रियंता शर्मा, पंकजा शर्मा, सीमा शर्मा, सरला ठाकुर, निशा गुलेरिया, अनिल सैणी, दिनेश चौधरी, विरेंद्र ठाकुर तथा अन्य कार्यकर्ता तथा सैकड़ों लोग मौजूद थे। इस मौके पर विधायक ने सबको रंग लगाकर होली मनाई तथा डीजे पर डांस भी किया।


प्रकाश राणा के घर भी खूब उड़े रंग
जोगिंद्रनगर (मंडी)। होली का पर्व उपमंडल में बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने जम कर गुलाल उड़ाया। महिलाओं ने भी अपनी-अपनी टोलियों में होली खेली। क्षेत्र के विधायक प्रकाश राणा के घर पर भी होली पर खूब रंग उड़े। पूरा दिन यहां पर विधायक को रंग लगाने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed