मनोज अध्यक्ष और प्रेम चुने महासचिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश पदोन्नत स्कूल प्राध्यापक संघ ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बजौरा के वाणिज्य के प्रवक्ता को प्रधान पद सौंपा है। संघ के द्विवार्षिक चुनाव राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बजौरा में हुए। बैठक की अध्यक्षता मुख्य अध्यापक पैने राम ठाकुर ने की। वहीं, संघ के पूर्व जिला प्रधान गजेंद्र ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस चुनावी प्रक्रिया को करवाने के लिए राज्य कार्यकारिणी की ओर से महेंद्र गुप्ता और कमल किशोर पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए। कार्यकारिणी में प्रेम शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बुच्छैर को जिला महासचिव और वीरेंद्र कतना प्रवक्ता जीव विज्ञान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंजार को वित्त सचिव सर्वसहमति से चुना गया। शेष कार्यकारिणी को गठित करने व राज्य कार्यकारिणी के लिए डेलीगेट चुनने का जिम्मा जिला प्रधान, महासचिव व वित्त सचिव को दिया गया।
संघ की नए पदाधिकारियों ने प्राध्यापकों की समस्याओं को उठाने का कार्यकारिणी के सदस्यों को विश्वास दिलवाया है। संघ के नव नियुक्त प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि प्रदेश में 400 मुख्य अध्यापकों के पद रिक्त पड़े हैं। इन सभी रिक्त पदों को एकमुश्त भरने करने के लिए सरकार से मांग को पूर जोर से उठाया जाएगा। वर्तमान में सीधी भर्ती वाले प्रवक्ताओं को प्रधानाचार्य की पदोन्नति के लिए 50 फीसदी कोटा दिया जा रहा है। संघ इसका आधा यानि 25 फीसदी पदोन्नत प्रवक्ताओं को देने की मांग करता है। इसके अलावा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए अध्यापकों को किसी भी गैर शिक्षण कार्यों में न लगाने और 26-04-2010 के बाद पदोन्नत हुए प्रवक्ताओं से विकल्प की शर्त वापस लेना तथा पीजीटी पदनाम को पहले की तरह ही प्रवक्ता पदनाम करने की भी सरकार से मांग उठाई जाएगी। कम परीक्षा परिणामों के लिए शिक्षकों को दोषी न ठहराने की भी सिफारिश की है। इसके अलावा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारिओं का मानदेय 1000 रुपये प्रति माह करने की भी सरकार से मांग की है। उन्होंने बताया कि सभी मांगों को जल्द सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।