कुल्लू/मनाली। नववर्ष पर मनाली और कुल्लू पहुंचे सैलानियों ने जमकर जश्न मनाया है। मनाली के साथ जिले के कसोल, तीर्थन कुल्लू व जिभी में सैलानियों ने नए साल का स्वागत अपने अंदाज किया। इसके लिए पर्यटन कारोबारियों ने खूब तैयारियां कर रखी थीं। कहीं डीजे तो कहीं लाइव म्यूजिक का इंतजाम किया गया था। मनाली के साथ दूसरी जगहों में सरकारी के साथ निजी होटलों में कुल्लवी नाटी, कप्पल डांस, वेलून डांस और स्पून डांस तथा लैमन डांस आदि प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इसमें सैलानियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
नए साल का जश्न मनाने आए पर्यटकों ने सड़क से लेकर होटलों में जमकर मस्ती की। डीजे व ढोल नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए पर्यटकों ने नए साल के जश्न को यादगार बनाया। मनाली रोड में शाम को सैलानी जुटने लगे और अंधेरा होने के बाद पूरा माल सैलानियों से खचाखच भर गया। वहीं पर्यटन विकास निगम मनाली के होटल क्लब हाउस में नववर्ष के मौके पर न्यू ईयर क्वीन के साथ कई आकर्षक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों की भी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। वहीं कई जगहों पर डीजे के धुन पर सुबह से सैलानी झूमते रहे। पर्यटन विकास निगम मनाली के एजीएम बीएस ओक्टा ने कहा कि निगम ने कुल्लवी परंपरा केे अनुसार सैलानियों का स्वागत किया। कहा कि उनके सभी होटल क्रिसमस के बाद पूरी से पैक हैं। सैलानियों के लिए लाइव म्यूजिक की भी सुविधा रखी थी। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि मनाली में नए साल को सैलानियों की भारी भीड़ देखी गई। कहा कि नववर्ष के लिए मनाली के निजी होटलों में भी डीजे के साथ लाइव म्यूजिक का इंतजाम किया गया था।