संघ को सक्रिय बनाने के लिए जिला आउटसोर्स कर्मचारी संघ ने कार्यकारिणी में फेरबदल किया है। रविवार को सरवरी में आयोजित बैठक में इस बारे सर्वसहमति से निर्णय लेकर नए पदाधिकारियों तथा सदस्यों की सूची जारी की गई। प्रेस सचिव शिशु पाल ने बताया कि गोविंद सिंह को उपाध्यक्ष तथा विजय दत्त को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रविकांत को संयुक्त सचिव और अनुपमा को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं रेखा, विनती, सुमन कुमार राजेश और दिनेश को कार्यकारिणी में शामिल किया है। बैठक में 15 फरवरी को शिमला में मुख्यमंत्री के साथ संघ की प्रस्तावित सम्मलेन को लेकर चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कौले राम ने बताया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 15 फरवरी को शिमला में मिलने का समय दिया है। बीते दिनों वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के विभिन्न सरकारी और अर्द्धसरकारी कार्यालयों में तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए स्थायी नीति बनाने के आश्वासन के बाद संघ सक्रिय हो गया है। प्रदेश भर में करीब 30 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं, वहीं जिला कुल्लू में ही 230 आउटसोर्स कर्मचारी विभिन्न सरकारी महकमों के अलावा एनएचपीसी तथा बिजली बोर्ड में तैनात हैं। 15 फरवरी को सभी जिला संघ आउटसोर्स कर्मचारियों का आंकड़ा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेंगे। प्रदेेश संघ इस सूची को मुख्यमंत्री को देंगे। हालांकि मुख्यमंत्री के आदेश के बाद कार्मिक और वित्त विभाग ने सभी कार्यालयों को आदेश जारी कर आउटसोर्स कर्मियों की सूची मांगी है। इस मौके पर अनिल, कांता, दिनेश, बलदेव, राकेश, अजय ठाकुर, अशोक शर्मा, रोशन सकलानी, रत्न भारद्वाज और अन्य मौजूद थे।