न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी के तहत आने वाली ग्राम पंचायत देहुरीधार के करहिला गांव में बुधवार दोपहर बाद आग लगने से दो मकान जलकर राख हो गए हैं। आग की इस घटना में करीब 25 लाख का नुकसान हुआ है। सड़क से दूर होने के कारण आग बुझाने में दमकल विभाग की मदद भी नहीं मिल पाई।
देखते ही देखते लकड़ी के मकान राख के ढेर में तब्दील हो गए। हालांकि गांव के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन आग बुझाने के लिए लोगों को पानी भी नहीं मिल पाया। पेयजल लाइन में पर्याप्त पानी ही नहीं था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मकान में बुधवार दोपहर दो बजे के बाद आग लगने से गांव में अफरातफरी मच गई। लोग आग पर काबू पाने के लिए दौड़े। मिली जानकारी के अनुसार करहिला गांव में चार भाईयों पूर्ण चंद पुत्र केसरू राम, कादशी राम, रत्न सिंह, श्याम सिंह के आठ कमरों के पुराने मकान में अचानक चिंगारी सुलग गई। देखते ही आग ने इनके ही छह कमरों के नए मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। मकान को बचाने की कोशिश की गई। लेकिन आग से मकान को नहीं बचाया जा सका। गौर रहे कि इस गांव में अभी तक सड़क नहीं पहुंची है। सड़क से गांव तक पहुंचने में करीब दो घंटे का समय लगता है। ऐसे में अग्निशमन विभाग का वाहन भी मौके पर नहीं पहुंच सका। इस घटना के बाद परिवार के लोग सदमे में है। उनसे छह ही छिन गई है। उधर, इस संबंध में देहुरीधार पंचायत की प्रधान निर्मला देवी ने कहा कि करहिला गांव में आग से लकड़ी के दो मकान जलकर राख हुए हैं। घटना में 25 लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर प्रभावितों को 20 हजार की फौरी राहत दी गई है।