केलांग (लाहौल-स्पीति)। आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के सफल और सुचारु संचालन के लिए जिला मुख्यालय केलांग में मंगलवार को रिटर्निंग (आरओ) और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। जिला परिषद सम्मेलन हाल में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त किरण भड़ाना ने की। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया, उनके सूक्ष्म निरीक्षण के कानूनी प्रावधान, उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार करने और मतपत्रों के प्रबंधन सहित चुनाव से जुड़ी विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से निष्पक्षता और सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इस दौरान उपमंडलाधिकारी कुनिका एकर्स, अलीशा चौहान आदि मौजूद रहे।