खोखों में 50 रुपये में मिल रही भांग से भरी सिगरेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चरस तस्करी के लिए देश दुनिया में मशहूर कुल्लू घाटी में भांग की खेती पर पुलिस का शिकंजा कस गया है। हालांकि अब चरस तस्करी के तरीके बदलने लग गए हैं। छोटे स्तर पर अब युवाओं तक खोखों के माध्यम से भांग से भरी सिगरेट पहुंचाई जा रही है। मात्र 50 रुपये में भांग वाली सिगरेट युवाओं को आसानी से उपलब्ध करवाई जा रही है। तस्करों की इस नई तरकीब से युवा पीढ़ी आकर्षित हो रही है। खरीदती बार भी दुकानदार भरी हुई सिगरेट को सार्वजनिक तौर पर बेच रहे हैं। हालांकि आसपास के लोगों को इसकी भनक भी नहीं लग पाती है। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी थानों, चौकियों व अपने खबरियों को अलर्ट जारी कर दिया है।
पुलिस ने एक मामला पकड़ने में सफलता भी हासिल कर ली है। भुंतर में पकड़े गए गए एक मामले के आरोपी ने पुलिस पूछताछ में 50 रुपये में भांग से भरी सिगरेट बेचने का खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि रोजाना खोखे के माध्यम से पांच से दस तोला भांग आसानी से बिक रहा है। इस धंधे में चरस माफिया से लेकर खोखे का संचालन करने वाले दोनों ही मोटा पैसा कमा रहे हैं। पुलिस खोखों केे चरस सप्लाई करने वालों का सुराग लगाने में जुटी हुई है। दर्जनों खोखे पुलिस की राडार पर हैं। इधर, पुलिस अधीक्षक कुल्लू पद्म चंद ने कहा कि खोखानुमा चाय, बीड़ी और सिगरेट की दुकानों से हो रही नशे की सप्लाई युवा पीढ़ी के लिए खतरनाक है।
इसके लिए सभी पुलिस थाना, चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस छोटे मामलों पर भी पैनी नजर रखे हुए हैं। चरस की सीधे तौर पर हो रही तस्करी के बाद अब कुल्लू पुलिस के निशाने पर जिला की खोखेनुमा दुकानें भी हैं। जिला की पर्यटन नगरी मनाली, मणिकर्ण, कसोल, जिला मुख्यालय, भुंतर, आनी और सैंज आदि में दर्जनों खोखानुमा दुकानों पर पुलिस नजर रख रही है। जिला पुलिस चरस तस्करी के बड़े मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है। छह माह में कुल्लू पुलिस ने 70 मामलों में करीब 80 किलो ग्राम चरस पकड़ी है। वहीं अब चरस तस्करों ने कुल्लू घाटी में चरस की खेप को खपाने का नया तरीका ईजाद किया है। जिस पर भी कार्रवाई जारी है।