नोटबंदी के पक्ष में दिखा जिला कुल्लू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांच सौ और एक हजार के नोट बंद होने से विपक्षी दल केंद्र सरकार को घेर रहे हैं। इसी कड़ी में वामपंथी और अन्य दलों ने सोमवार को भारत बंद का ऐलान किया था। वहीं कुल्लू जिला में भारत बंद का जरा सा भी असर देखने को नहीं मिला। पूरा कुल्लू जिला नोटबंदी के फैसले के समर्थन में नजर आया। भुंतर, बंजार, कसोल, मणिकर्ण, सैंज, अखाड़ा बाजार, मनाली, नग्गर, पतलीकूहल, आनी, निरमंड व रामशिला मार्केट में दिनभर लोगों की चहल-पहल देखने को मिली। लोग आम दिनों की तरह अपने कामों के लिए बाजारों में आए। यहां पर उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। हालांकि व्यापार मंडल कुल्लू ने दो दिन पूर्व ही नोटबंदी के फैसले का समर्थन करते हुए विपक्षी दलों के भारत बंद का विरोध कर इसमें शामिल न होने का ऐलान किया था। सोमवार को अखाड़ा बाजार और सरवरी बाजार में दुकानदारों ने तय समय पर अपनी दुकानें खोली।
सुबह 11 बजे तक कुल्लू शहर में करीब 95 फीसदी दुकानें खुल चुकी थी। हैरान करने वाली बात यह है कि विपक्ष के साथ भारत बंद का ऐलान करने वाले कांग्रेस पार्टी से जुड़े व्यवसायियों ने भी अपनी दुकानें दिनभर खुली रखीं। दुकानदार अश्वनी शर्मा, संजय कुमार, दीप लाल, सुरेश कुमार, शेर सिंह, राजू और गुड्डू के अनुसार नोटबंदी का फैसला देशहित के लिए है। कालेधन पर लगाम लगाने के लिए इस प्रकार के निर्णय की आवश्यकता है। इसलिए उन्होंने भारत बंद का समर्थन नहीं कर दिनभर अपनी दुकानें खुली रखीं। उधर, व्यापार मंडल कुल्लू के प्रधान राकेश कोहली ने कहा कि व्यापार मंडल भारत बंद में शामिल नहीं हुआ। शहर में दुकानदारों ने तय समय पर अपनी दुकानें खोलकर कर व्यापार किया। उपमंडल बंजार में भी नोटबंदी के विरोध में बंद हुए भारत बंद का असर देखने को नहीं मिला।
सोमवार को उपमंडल बंजार का मुख्य बाजार में काफी चहल-पहल रही। लोगों ने काफी खरीद फरोख्त की। बाजार में दूध व खाने पीने की वस्तुएं खरीदने के लिए लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़ा। हालांकि छोटे बाजारों में लोगों को आशंका थी कि बंद से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बैंकों में शनिवार और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को जिला कुल्लू के बैंकों और एटीएम के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। लोग बैंक खुलने से पहले ही पहुंच गए थे। धीरे-धीरे लोगों की भीड़ बढ़ती गई। दिनभर बैंकों में लोगों की कतारें लगी रहीं। हालांकि एसबीआई, पीएनबी आदि बैंकों में लोगों की सुविधा के लिए काउंटर लगाए गए हैं। शहर में चल रहे एटीएम के बाहर भी लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। वहीं अधिकतर एटीएम आउट ऑफ सर्विस होने के कारण लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ी।