कुल्लू। राज्य सरकार भुभूजोत सुरंग के निर्माण का मामला केंद्र से उठाएगी ताकि दूरदराज लग घाटी के लोगों को सुविधा प्रदान की जा सके। पांच करोड़ की लागत से भुभू टनल की डीपीआर तैयार की जा रही है। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंगलवार को कुल्लू जिला की लगघाटी के डुघीलग में कही। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरदराज तथा पिछले क्षेत्रों के विकास पर विशेष बल दे रही है। सरकार लगघाटी क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुघीलग के भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने महिला मंडल भवन डुघीलग तथा लाईधारग प्रत्येक के निर्माण के लिए तीन लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने पाठशाला डुपकन के भवन के लिए 10 लाख रुपये तथा माध्यमिक पाठशाला चौपाड़सा को उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने 5.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले उपायुक्त कार्यालय के बहुद्देशीय बचत भवन की आधारशिला रखी। इस भवन की धरातल मंजिल में कार पार्किंग तथा प्रथम मंजिल में व्यावसायिक परिसर होगा। दूसरी मंजिल में पांच आवासीय सेट और तीसरी मंजिल में सम्मेलन कक्ष होगा। उन्होंने 80 लाख रुपये की लागत से पूर्ण होने वाले उपायुक्त कार्यालय भवन के जीर्णोंद्धार का भी शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 4.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले डुपकन से डुंखरी गाहर सड़क के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इस मौके पर मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, सांसद राम स्वरूप शर्मा, विधायक किशोर लाल, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, एपीएमसी के अध्यक्ष अमर ठाकुर, कुल्लू भाजपा अध्यक्ष भीम सेन, उपायुक्त कुल्लू यूूनुस सहित अन्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।