{"_id":"66defc434a1558f0310be346","slug":"kinnaur-news-hill-collapsed-in-pangi-village-apple-and-cash-crops-destroyed-on-25-bighas-of-land-2024-09-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kinnaur News: पांगी गांव में पहाड़ी दरकी, 25 बीघा भूमि पर सेब और नकदी फसलें तबाह, इतने नुकसान का अनुमान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kinnaur News: पांगी गांव में पहाड़ी दरकी, 25 बीघा भूमि पर सेब और नकदी फसलें तबाह, इतने नुकसान का अनुमान
Mon, 09 Sep 2024 07:16 PM IST
अंकेश डोगरा
संवाद न्यूज एजेंसी, रिकांगपिओ (किन्नौर)।
संवाद न्यूज एजेंसी, रिकांगपिओ (किन्नौर)।
Published by: अंकेश डोगरा
Updated Mon, 09 Sep 2024 07:16 PM IST
सार
हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर के पांगी गांव में अचानक चट्टानें गिरने के कारण 25 बीघा से अधिक भूमि पर सेब समेत अन्य नकदी फसलें तबाह हो गईं।
विज्ञापन
पांगी गांव में भूस्खलन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
जनजातीय जिला किन्नौर के कल्पा खंड के पांगी गांव में पीरी ढांक से अचानक चट्टानें गिरने के कारण 25 बीघा से अधिक भूमि पर सेब समेत अन्य नकदी फसलें तबाह हो गईं। इससे 70 बागवानों और किसानों को भारी नुकसान हुआ। चट्टानों की चपेट में चार दोघरियां भी आईं।
विज्ञापन
सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पहाड़ी दरकने से पांगी गांव के प्राणु, तेवनंग और रूमनंग में चट्टानें गिरने से चार लोगों की दोघरियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे बीरबल नेगी, एवन चंद नेगी, दीनदयाल नेगी और लोक मोहन नेगी को भारी नुकसान हुआ। इसके अलावा करीब 25 बीघा भूमि पर सेब के पौधों और फसलों को नुकसान पहुंचा। 70 बागवान और किसानों के सेब, ओगला, फाफरा, राजमाह, खुमानी, नाशपाती, बादाम और जीरा सहित कई अन्य नकदी फसलें क्षतिग्रस्त हो गईं।
विज्ञापन
दिन भर ऊपरी पहाड़ी से रुक-रुक कर चट्टानों के गिरने का सिलसिला जारी रहा। इसके कारण न तो बागवान-किसान और न ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच पाईं। सूचना मिलते ही एसडीएम कल्पा डॉ. शशांक गुप्ता और नायब तहसीलदार कल्पा रविंद्र सिंह, कानूनगो उरज्ञान दोर्जें नेगी और पटवारी नीतिश नेगी की टीम ने घटनास्थल स्थल का दौरा किया, लेकिन पहाड़ी से लगातार भूस्खलन के कारण वे मौके पर नहीं पहुंच पाए। उन्होंने दूर से ही नुकसान का आकलन किया।
विज्ञापन
चट्टानें गिरने से सेब और नकदी फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौके पर राजस्व विभाग की टीम तैनात है। जैसे ही पहाड़ी से भूस्खलन बंद हो जाएगा, वैसे ही टीम मौके पर नुकसान का जायजा लेगी। शुरूआती दौर में करीब एक करोड़ के नुकसान का अनुमान है- शशांक गुप्ता, एसडीएम कल्पा