जसूर (कांगड़ा) वन, युवा सेवाएं एवं खेलमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि समाज में उनके लिए सुरक्षित और सम्मानजनक स्थान दिया जा सके। ये उद्गार उन्होंने शनिवार को स्थानीय बचत भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के लिए आयोजित समारोह में बतौर मुख्यातिथि क हे । इस मौके पर एसडीएम अनिल भारद्वाज, डीएफओ विकल्प यादव, नायब तहसीलदार देसराज ठाकुर, नगर परिषद के अध्यक्ष अशोक शर्मा उपस्थित थे। वन मंत्री ने कहा कि बेटियों के लिए जन्म से लेकर शादी तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटी है अनमोल योजना जरूरतमंद पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने में लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लड़कियों को सुशिक्षित बनाने के लिए स्कूली शिक्षा से लेकर स्नातक स्तर तक बालिकाओं को छात्रवृत्तियां प्रदान की जा रही हैं। राकेश पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से हर पात्र गरीब परिवार की बेटी की शादी पर शगुन योजना के तहत 31 हजार रुपये की राशि शगुन के रूप में दी जा रही है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत गरीब परिवार की बेटी की शादी पर 51 हजार रुपये की राशि प्रदेश सरकार की ओर से प्रदान की जा रही है। इस योजना से गरीब माता-पिता की चिंता कम हुई है। वन मंत्री ने इस मौके पर शगुन योजना के तहत 27 लाभार्थियों को 8 लाख 37 हजार रुपये, बेटी है अनमोल योजना के तहत 46 बेटियों को 5 लाख 38 हजार रुपये की एफडीआर, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 3 परिवारों को 1 लाख 53 हजार रुपये की राशि के चेक भेंट किए। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से 15 लाख 28 हजार रुपये, जबकि दुर्घटना के कारण अपनी जान गवां चुके लोगों के परिवारों को 33 लाख 13 हजार रुपये की राहत राशि के चेक भेंट किए। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी श्याम सिंह, अधिशासी अभियंता जेएस राणा, सीडीपीओ सुनीत कुमार, सहायक अभियंता देवेंद्र राणा, शाह नहर के सहायक अभियंता विजय शर्मा आदि मौजूद रहे।