फतेहपुर (कांगड़ा)। लगातार बारिश के चलते पौंग और पंडोह बांध का जलस्तर बढ़ रहा है। इसके चलते प्रशासन ने मंड, रे, स्थाना, रियाली और टैरेस के लोगों को ब्यास नदी और आसपास की खड्डों के किनारे न जाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती ने कहा कि पौंग बांध में 1,04,432 क्यूसिक पानी आ रहा है, जबकि निकासी 3,838 क्यूसिक पानी की हो रही है। सोमवार को पौंग बांध में जलस्तर 1330.50 फीट रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने कहा कि पंडोह बांध से भी पानी छोड़ा जा रहा है। इसकी सूचना लोगों को भी दी गई है। अभी तक स्थिति नियंत्रण में है और बांध का जलस्तर मंगलवार शाम को 1,338 फीट आंकड़े को पार कर गया है। पंडोह का पानी छोड़े जाने के कारण ब्यास नदी उफान पर है और पिछले दो दिन से हो रही बारिश के कारण देहर खड्ड, बूहल खड्ड, देहरी खड्ड में जलस्तर काफी उफान पर है। इसके चलते रे, स्थाना, रियाली और टैरेस स्थानों में बीबीएमबी की ओर से हूटर लगाए गए हैं।