धर्मशाला। कांगड़ा जिला में बुधवार शाम को अचानक बदले मौसम ने लोगों को खौफजदा कर दिया। दोपहर तक जहां तेज धूप खिली हुई थी, वहीं शाम ढलते-ढलते मौसम ने करवट ली और तेज अंधड़ के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विशेष रूप से धर्मशाला, नूरपुर, कोटला और नगरोटा सूरियां क्षेत्र प्रभावित रहे। धर्मशाला में ओले भी गिरे। इन क्षेत्रों में दोपहर तक मौसम सामान्य रहा और धूप खिली रही लेकिन शाम होते ही तेज हवाओं के साथ अंधड़ ने दस्तक दी। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाया। बारिश और अंधड़ का यह सिलसिला देर रात तक जारी रहा, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप रही। लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हुए और कई स्थानों पर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा पर भी असर पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का अचानक बदला मौसम इस सीजन में कम ही देखने को मिलता है और यह स्थिति डरावनी थी।