Kangra: लगातार बारिश से वीरान हुआ शक्तिपीठ ज्वालामुखी, बाजारों में पसरा सन्नाटा
पिछले चार दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश और आपदा जैसी परिस्थितियों के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में भारी गिरावट आई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठों में शुमार ज्वालामुखी मंदिर इन दिनों वीरान नजर आ रहा है। पिछले चार दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश और आपदा जैसी परिस्थितियों के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में भारी गिरावट आई है। आमतौर पर मंदिर परिसर और बाजार में जहां रौनक रहती है, लेकिन इन दिनों इक्का-दुक्का श्रद्धालु ही माता के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। बारिश से कई इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने जैसी समस्याएं सामने आई हैं। हालांकि, ज्वालामुखी मंदिर की ओर जाने वाले सभी मुख्य रास्ते खुले हैं और श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुरक्षित हैं।
पुजारी सभा प्रधान अविनेंद्र शर्मा ने बताया कि बरसात का मौसम अपने चरम पर है और अत्यधिक वृष्टि के कारण भक्त घरों से निकलने से कतराते हैं। लेकिन भक्तों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। मंदिर के सभी मार्ग खुले हैं और यातायात भी सुचारु है। उन्होंने कहा कि सितंबर की शुरुआत हो चुकी है और जल्द ही बारिश से राहत के आसार हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बारिश की वजह से कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सामान्य दिनों में यहां दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु खरीदारी करते हैं, जिससे बाजार गुलजार रहते हैं, लेकिन इस समय सूने पड़े हैं। मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी इंतजाम पुख्ता किए गए हैं। नियमित आरती, भोग और पूजन कार्य विधिवत हो रहे हैं। पुजारी सभा ने अपील की है कि श्रद्धालु मौसम सामान्य होते ही बिना किसी झिझक के माता के दर्शनों के लिए आएं।