ज्वालामुखी (कांगड़ा। विधायक संजय रत्न ने कहा कि प्रदेश सरकार धरातल पर स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत कर सभी के लिए बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कर रही है।
विधायक ने वीरवार को 74 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्वालामुखी के आवासीय भवन का लोकार्पण किया। वहीं 73.27 लाख की लागत से बनने वाली संपर्क सड़क डंडे दा पीपल से मुख्य सड़क अंब पठियार सिधोड़ापट्टन तक वाया स्वतंत्रता सेनानी दीनानाथ के घर तक का भूमिपूजन और 73.27 लाख से निर्मित होने वाली संपर्क सड़क अंब पठियार सिधोड़ापट्टन से गुग्गा चौक वाया गुज्जर बस्ती का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, सड़क तथा शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को चरणबद्ध तरीके से ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों का मजबूत ढांचा विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने के साथ-साथ राज्यभर के मुख्य अस्पतालों और चिकित्सा महाविद्यालयों में उन्नत तकनीक का समावेश किया जाएगा। विशेषज्ञ डॉक्टरों की बढ़ोतरी से मरीजों को उपचार के लिए पहले की अपेक्षा कम प्रतीक्षा करनी होगी। इस अवसर पर तहसीलदार ज्वालाजी मनोहर लाल शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अरुण वशिष्ठ, अधिशासी अभियंता जलशक्ति विभाग अनीश ठाकुर, आरएम देहरा कुशल कुमार, एडवोकेट सर्वेश रत्न सहित गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।